पूरे देश में ठंडक बढ़ने के साथ उत्तर प्रदेश में भी गलन बढ़ गई है. उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में बुधवार को अचानक से गलन बढ़ गई जिसके बाद एक तरफ जहां कोहरा घना हो गया तो वहीं दूसरी तरफ विजिबिलिटी लो हो गई. इस कारण से लोग अपने घरों में कैद होने को मजबूर हो गए हैं. वहीं, इस बीच मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि उत्तर प्रदेश में अगले 48 घंटे यानी दो दिनों तक घना से बहुत घना कोहरा रहने के आसार हैं.
मौसम विभाग ने क्या बताया?
मौसम विभाग की मानें तो यूपी में अगले 48 घंटे तक घना से बहुत घना कोहरा रहने के आसार हैं. वहीं, 48 घंटों के बाद लगातार दो से तीन दिन यूपी के कई इलाकों में घना कोहरा रहेगा. यूपी के गोरखपुर में लोग अलाव का सहारा लेने को मजबूर हो गए हैं. मौसम विभाग की मानें तो गोरखपुर में अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम रहेगा.
लखनऊ में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और अधिकतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया गया. मौसम विभाग की मानें तो लखनऊ में कल न्यूनतम तापमान 13 और अधिकतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया जा सकता है. इसी के साथ यहां घना कोहरा भी छाया रहेगा. हालांकि, मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक 25 दिसंबर को थोड़ा कम कोहरा रहेगा.
गोरखपुर के मौसम पर क्या है अपडेट?
गोरखपुर में बुधवार को अचानक मौसम बदला और यहां गलन, ठिठुरन और सर्दी से लोग परेशान नजर आए. सर्दी इतनी बढ़ गई है कि बचने के लिए लोग अलाव का साहार ले रहे हैं. क्या इंसान, क्या जानवर अब हर कोई ठंड के इस कहर से परेशान दिख रहा है.
क्या कहते हैं मौसम विशेषज्ञ?
मौसम विशेषज्ञ केसी पांडेय ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, ऐसे में कोहरा गिरेगा. पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है इसलिए दिन और रात का तापमान लुढ़क सकता है. अगले कुछ दिन तक मौसम का यही मिजाज रहने की संभावना है. वातावरण में जब नमी होती है तभी कोहरा होता है. बंगाल की खाड़ी से पुरवा हवा आ रही है इसलिए नमी बनी हुई है. अभी कुछ दिन तक ऐसे ही रहेगा. न्यूनतम तापमान थोड़ा और गिरेगा. रात में न्यूनतम तापमान 8-10 के बीच में रहने की संभावना है.
गोरखपुर के टाउन हॉल के पास लगे तिब्बत मार्केट में बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं और गर्म कपड़ों को खरीदते हुए दिख रहे हैं. यहां पर कपड़ों के सस्ते दाम लोगों को काफी प्रभावित कर रहे हैं. वहीं रेती रोड, सिनेमा रोड, असुरन चौक, मेडिकल कॉलेज रोड से लेकर प्रमुख बाजार में इलेक्ट्रिकल्स की दुकानों पर रूम हीटर, ब्लोअर से लेकर गैस गीजर की बिक्री बढ़ गई है. लोग कम बिजली खपत करने वाले प्रोडक्ट को पसंद कर रहे हैं.
रवि गुप्ता