प्रयागराज के चकिया के कसारी-मसारी इलाके में शाइस्ता के घर के ठीक सामने शाइस्ता के पिता हारून का घर है. मगर, अब यह घर वीरान है. कुछ वक्त पहले हारून अपने पूरे परिवार के साथ इस घर को अचानक जैसे का तैसा छोड़कर चले गए. हारून और उनका परिवार कहां है कुछ पता नहीं है. घर के दरवाजे खुले हुए हैं, सामान बिखरा हुआ है, लाइट और पंखें चालू हैं.
कुछ दिन पहले पुलिस ने आकर यहां पर रेड की थी. इस दौरान पुलिस को तमाम सबूत मिले थे. पुलिस को एक डायरी भी मिली थी, जिसमें शाइस्ता और अतीक से जुड़े हुए कुछ पुलिसवालों के नाम और नंबर मिले थे. इसके अलावा पुलिस को उस डायरी के जरिए अतीक के 5 राज्यों में फैले कंस्ट्रक्शन और हवाला के कारोबार के बारे में भी जानकारी लगी थी. इसके अलावा अतीक के कई गुर्गों और करीबियों के बारे में भी पुलिस को पता चला था.
एल्बम मिली अतीक और उसके करीबियों की पुरानी तस्वीरें
हारून के घर से पुलिस को कुछ पुरानी फोटो एल्बम मिलीं. जिनमें अतीक अपने परिवार, रिश्तेदार और करीबियों के साथ नजर आ रहा है. अब पुलिस इसी एल्बम के जरिए अतीक के करीबियों को तलाश रही है. ऐसा माना जा रहा है कि इन्हीं लोगों के यहां पर शाइस्ता के छुपी हो सकती है. क्योंकि यह लोग अतीक के सालों पुराने साथी हैं.
सीपीयू की हार्ड डिस्क गायब
शाइस्ता के पिता के घर में मौजूद कंप्यूटर के सीपीयू की हार्ड डिस्क गायब है. घर के सबसे आखिरी कमरे में कई संदूक और सूटकेस पड़े हुए हैं. अलमारियां खुली हुई हैं. देखने से ऐसा लग रहा है कि घर छोड़ते वक्त भागने की सभी इतनी जल्दबाजी में थे कि सामान भी नहीं समेटा.
शाइस्ता के पिता हारून का आधार कार्ड, कुछ रुपए, साथ में 500 रुपये का पुराना नोट घर में पड़ा हुआ है. कमरे में हारून की बहुत पुरानी डायरी पड़ी हुई है. उसमें भी कई पुलिसवालों के नाम और नंबरों का लिखे हुए हैं. ऐसी ही एक डायरी पुलिस अपने साथ भी ले गई है.
शाइस्ता के अलावा एक अनजान महिला की भी तलाश है जारी
वहीं, माफिया अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन के साथ ही यूपी पुलिस, एक महिला की खोज रही है, जो साबरमती जेल में अतीक से मिलने पहुंची थी. उसने अतीक से फोन पर भी बात की थी. इसकी रिकॉर्डिंग पुलिस के पास है. संदिग्ध महिला का रोल उमेश पाल हत्याकांड में माना जा रहा है. पुलिस शाइस्ता के साथ ही उस महिला की तलाश में लगी हुई है.
एसटीएफ और पुलिस ने साबरमती जेल में अतीक अहमद से मुलाकात करने वालों की सूची को खंगाला और सीसीटीवी देखा, तब एक महिला का नाम सामने आ रहा है, जो अतीक के परिवार की नहीं है. महिला, अतीक के परिवार की बिना मर्जी से मिलने पहुंची थी और इस महिला को लेकर अतीक और शाइस्ता के बीच कहासुनी भी हुई थी.
इसके बाद भी अतीक अहमद ने महिला से मिलना नहीं छोड़ा और फोन पर संपर्क रखा. उमेश पाल हत्या से पहले जेल से अतीक का मैसेज पहुंचाने में महिला की अहम भूमिका मानी जा रही है. पुलिस अब उस महिला की कुंडली खंगाल रही है, जो अहम कड़ी भी मानी जा रही है. फिलहाल पुलिस महिला की शिनाख्त को गुप्त बनाए हुए है.
यह भी पढ़ें... गुड्डू मुस्लिम के तीन नए नाम आए सामने, UP एसटीएफ को बीते 62 दिनों से यूं दे रहा चकमा
अतीक के दो बेटों पर एक और FIR
इस बीच अतीक अहमद के जेल में बंद दो बेटों उमर और अली समेत छह लोगों पर रंगदारी मांगने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है. रिपोर्ट बिल्डर मोहम्मद मुस्लिम की तहरीर पर लिखी गई है. आरोप है कि उमर और अली ने अपने साथियों के साथ मोहम्मद मुस्लिम को गाड़ी में खींचकर किडनैप किया और चकिया कार्यालय जमकर पीटा.
मोहम्मद मुस्लिम का आरोप है कि प्रयागराज के देवघाट में उसकी बेशकीमती पैतृक जमीन है, इसकी कीमत 15 करोड़ रुपये से भी ज्यादा है, अतीक उसको लेना चाहता था जबकि वह इसके लिए राजी नहीं था. हालांकि मोहम्मद मुस्लिम खुद प्रयागराज के खुल्दाबाद थाने का हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर कई केस दर्ज हैं.
यह भी पढ़ें... 16 साल की उम्र में पहली हत्या, इटावा से प्रयागराज तक बमबाजी... जानिए गुड्डू मुस्लिम का सुल्तानपुर कनेक्शन
गुड्डू मुस्लिम की तलाश में रेड जारी
उमेश पाल ने भी बिल्डर मोहम्मद मुस्लिम पर एक करोड़ की रंगदारी का केस दर्ज किया था. इस बीच पुलिस को बमबाज गुड्डू मुस्लिम की भी तलाश है जो लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा है. गुड्डू मुस्लिम हिंदू नाम रखकर एसटीएफ को चकमा दे रहा है. बबलू, सुरेंद्र, संदीप नाम से गुड्डू घूम रहा है.
यूपी पुलिस को गुड्डू मुस्लिम के बारे में अहम जानकारी मिली है, जिसमें उसका छत्तीसगढ़ में छिपे होने के पुख्ता सबूत मिले हैं. इस पूरे मामले पर गुड्डू मुस्लिम की मदद करने वाले की भी पहचान कर ली गई है. मदद करने वाले मीट कारोबारी कुरैशी को रडार पर लिया गया है, जिसका मीट कारोबार छत्तीसगढ़ से लेकर उड़ीसा तक फैला हुआ है.
सिमर चावला