दो मंत्रियों का प्रमोशन, 6 नए चेहरे... UP में योगी मंत्रिमंडल का हुआ विस्तार

उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी के मंत्रिमंडल का विस्तार करते हुए राज्यपाल ने 6 नेताओं को मंत्री पद की शपथ दिलाई, जबकि 2 नेताओं को प्रमोशन दिया गया. शपथ लेने वालों में भूपेंद्र चौधरी, मनोज पांडे, अजीत पाल, सोमेंद्र तोमर, कृष्णा पासवान, सुरेंद्र दिलेर, हंसराज विश्वकर्मा और कैलाश राजपूत शामिल हैं.

Advertisement
नए मंत्रियों को मंत्री पद की शपथ दिलातीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल. (Photo: ITG) नए मंत्रियों को मंत्री पद की शपथ दिलातीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल. (Photo: ITG)

समर्थ श्रीवास्तव / संतोष शर्मा

  • लखनऊ,
  • 10 मई 2026,
  • अपडेटेड 4:03 PM IST

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी सरकार का बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार कर राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की है. रविवार को लखनऊ स्थित जनभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में कुल 6 नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली, जबकि 2 नेताओं को प्रमोशन देकर नई जिम्मेदारी सौंपी गई. मंत्रिमंडल विस्तार में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने पर विशेष ध्यान दिया गया है.

Advertisement

शपथ लेने वाले नेताओं में भूपेंद्र चौधरी, मनोज पांडे, अजीत पाल, सोमेंद्र तोमर, कृष्णा पासवान, सुरेंद्र दिलेर, हंसराज विश्वकर्मा और कैलाश राजपूत शामिल हैं. इनमें हंसराज विश्वकर्मा और कैलाश राजपूत को राज्य मंत्री बनाया गया है. वहीं अन्य नेताओं को कैबिनेट और स्वतंत्र प्रभार की जिम्मेदारियां दी गई हैं.

राज्यपाल ने दिलाई मंत्री पद की शपथ
जनभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल ने सभी नेताओं को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. इस दौरान बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे. शपथ ग्रहण के दौरान समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला. कई नेताओं के आवासों और जिलों में ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया गया.

राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, योगी सरकार का यह मंत्रिमंडल विस्तार पूरी तरह चुनावी रणनीति को ध्यान में रखकर किया गया है. बीजेपी ने इस विस्तार के जरिए पिछड़ा वर्ग, दलित समाज और विभिन्न क्षेत्रीय समुदायों को साधने का प्रयास किया है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बुंदेलखंड और पूर्वांचल के नेताओं को प्रतिनिधित्व देकर पार्टी ने व्यापक सामाजिक संतुलन बनाने की कोशिश की है.

Advertisement

मंत्रिमंडल विस्तार से पहले कई नामों की थी चर्चा
भूपेंद्र चौधरी और मनोज पांडे जैसे नेताओं को शामिल कर संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल का संदेश देने का प्रयास भी माना जा रहा है. वहीं हंसराज विश्वकर्मा और कैलाश राजपूत को राज्य मंत्री बनाकर पिछड़े और अन्य वर्गों को साधने की रणनीति दिखाई दे रही है.

बीजेपी सूत्रों का कहना है कि आने वाले समय में सरकार विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ाने के साथ-साथ संगठन को भी और मजबूत करेगी. मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पिछले कई दिनों से राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज थीं और कई नामों पर मंथन चल रहा था. आखिरकार पार्टी नेतृत्व ने जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए नए चेहरों को मौका दिया.

माना जा रहा है कि यह विस्तार आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी की बड़ी राजनीतिक तैयारी का हिस्सा है. पार्टी इस कदम के जरिए प्रदेश के विभिन्न वर्गों में अपनी पकड़ और मजबूत करने की कोशिश में जुटी हुई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement