महिलाओं के लट्ठ, पुरुषों की ढाल... झांसी में बरसाने की तर्ज पर होती है अनोखी होली, लोग बोले- 600 साल पुरानी है परंपरा

होली के रंग पूरे देश में अलग-अलग अंदाज में बिखरते हैं, लेकिन बुंदेलखंड के झांसी के पास बसे डगरवाहा गांव में होली का रंग कुछ खास ही होता है. यहां होली सिर्फ गुलाल तक सीमित नहीं रहती, बल्कि महिलाओं के लट्ठ और पुरुषों की ढाल के बीच सदियों पुरानी परंपरा जीवंत हो उठती है. खाती बाबा के स्थान पर होने वाली इस लट्ठमार होली को देखने के लिए हर साल दूर-दूर से हजारों लोग पहुंचते हैं.

Advertisement
झांसी में खेली जाती है लट्ठमार होली. (Photo: ITG) झांसी में खेली जाती है लट्ठमार होली. (Photo: ITG)

अजय झा

  • झांसी,
  • 06 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 2:14 PM IST

झांसी के आसपास के गांवों में होली सिर्फ रंग और गुलाल का त्योहार नहीं, बल्कि सदियों पुरानी परंपरा और आस्था का प्रतीक है. डगरवाहा गांव में मनाई जाने वाली लट्ठमार होली आज भी उसी उत्साह के साथ मनाई जाती है, जैसी वर्षों पहले होती थी. खाती बाबा के स्थान पर होने वाली इस अनोखी होली में महिलाएं लट्ठ लेकर खड़ी होती हैं. पुरुष हुरियारे बनकर ढाल के सहारे उनसे बचते हुए गुड़ की पोटली तोड़ने की कोशिश करते हैं. इस अनोखे आयोजन को देखने के लिए हर साल बुंदेलखंड के सैकड़ों गांवों से हजारों लोग यहां पहुंचते हैं.

Advertisement

झांसी के पास स्थित डगरवाहा गांव में लट्ठमार होली की अनोखी परंपरा वर्षों से चली आ रही है, जो आज भी पूरे उत्साह के साथ निभाई जाती है. यह परंपरा बुंदेलखंड की सांस्कृतिक पहचान बन चुकी है और हर साल होली पर दौज के दिन इसका भव्य आयोजन होता है.

डगरवाहा गांव के प्रधान प्रतिनिधि रईस यादव ने बताया कि यह परंपरा लगभग छह सौ वर्ष पुरानी है. इस आयोजन में खाती बाबा के स्थान पर महिलाएं लट्ठ लेकर खड़ी होती हैं, जबकि पुरुष हुरियारे बनकर खेलते हैं.

यह भी पढ़ें: '...काला चश्मा इतना क्यों भाया है', होली पर CM योगी का वीडियो शेयर कर अखिलेश ने कसा तंज; सैफई में सपा का शक्ति प्रदर्शन

ऐसा माना जाता है कि यदि गांव की महिलाएं इस लट्ठमार होली में हिस्सा नहीं लेतीं तो खाती बाबा नाराज होकर उनके घरों में बिच्छू या ततैया भेज देते हैं. इसी कारण गांव की महिलाएं इस परंपरा में अवश्य भाग लेती हैं.

Advertisement

इस आयोजन के दौरान करीब 51 फीट की ऊंचाई पर गुड़ और ईनाम की पोटली बांधी जाती है. हुरियारे उसे तोड़ने की कोशिश करते हैं, जबकि महिलाएं लट्ठ से उन्हें रोकती हैं, परंपरा के अनुसार, गुड़ की पोटली यादव समाज द्वारा बांधी जाती है, वहीं परिहार समाज के लोग उसे तोड़ते हैं. इस अनोखी होली को देखने के लिए बुंदेलखंड के करीब 100 से 150 गांवों से हजारों लोग हर साल टकरवाह पहुंचते हैं.

डगरवाहा गांव के मनीष यादव ने बताया कि यहां बरसाने की तर्ज पर लट्ठमार होली खेली जाती है, जिसकी परंपरा लगभग 600 से 700 साल पुरानी मानी जाती है. यह आयोजन गढ़ी में स्थित खाती बाबा के स्थान से जुड़ा हुआ है. 

यह भी पढ़ें: बरसाना में लट्ठमार होली उत्सव में मची अफरा-तफरी, बेकाबू भीड़ ने पुलिस को धकेला

यह कार्यक्रम शाम करीब साढ़े चार बजे शुरू होकर साढ़े छह बजे तक चलता है. इस दौरान महिलाएं लट्ठ से प्रहार करती हैं, जबकि पुरुष ढाल लेकर अपना बचाव करते हैं. हर साल इस आयोजन में करीब 50-60 महिलाएं और 100-150 पुरुष हिस्सा लेते हैं.

लट्ठमार होली में शामिल महिला देववती ने कहा कि यह डगरवाहा क्षेत्र की पारंपरिक बुंदेलखंडी लट्ठमार होली है, जो कई बरसों से यहां खेली जाती रही है. उन्होंने कहा कि पूरे गांव की महिलाएं इसमें भाग लेती हैं और लाठियों से खेलते हुए इस परंपरा को निभाती हैं. 

Advertisement

वहीं डगरवाहा गांव की ममता ने बताया कि उनके गांव में खाती बाबा के स्थान पर फाग की दूज के दिन अनोखी होली खेली जाती है. इस दौरान महिलाएं फाग गाती हैं और पुरुष गुड़ वाली पोटली तोड़ने की कोशिश करते हैं. महिलाएं बांस की लाठियां चलाकर उन्हें रोकती हैं, जिससे पुरुष आसानी से गुड़ नहीं तोड़ पाते. यह लट्ठमार होली बुंदेलखंड की लोक संस्कृति, आस्था और परंपरा का अनोखा संगम है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement