बांदा में मौत का तांडव: हाइवे पर दो ट्रकों की भिड़ंत के बाद लगी आग, तीन लोग जिंदा जले

यूपी के बांदा में झांसी-मिर्जापुर नेशनल हाइवे पर दो ट्रकों के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर ने तीन परिवारों को उम्र भर का गम दे दिया. हादसे के बाद दोनों ट्रकों में भीषण आग लग गई, जिसमें फंसकर तीन लोगों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई.

Advertisement
बांदा में ट्रक हादसे के बाद मौके पर मौजूद पुलिस (Photo- ITG) बांदा में ट्रक हादसे के बाद मौके पर मौजूद पुलिस (Photo- ITG)

सिद्धार्थ गुप्ता

  • बांदा ,
  • 26 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 3:55 PM IST

Uttar Pradesh News: बांदा जिले के मटौंध थाना क्षेत्र में झांसी-मिर्जापुर नेशनल हाइवे पर खैराडा गांव के पास दो ट्रकों (ट्रेलर) के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों वाहनों में तत्काल आग लग गई, जिससे चालक सुरेश पांडेय, सूर्यनाथ और खलासी शनि की जिंदा जलकर मौत हो गई. 

पुलिस के मुताबिक, हादसा एक ट्रक चालक को झपकी आने और गाड़ी के गलत दिशा में जाने के कारण हुआ. सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर आग पर काबू पाया और एक घायल खलासी अभिषेक को बचाकर अस्पताल में भर्ती कराया.

Advertisement

झपकी बनी काल और धू-धू कर जले ट्रक

पत्थर लदा एक ट्रेलर बांदा की ओर आ रहा था, तभी विपरीत दिशा से आ रहे दूसरे ट्रेलर से उसकी सीधी टक्कर हो गई. पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि चालक को नींद की झपकी आने की वजह से गाड़ी रॉन्ग साइड चली गई थी. मौके पर पहुंचे एसपी पलाश बंसल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. हादसे में जान गंवाने वाले लोग सुल्तानपुर, आजमगढ़ और अंबेडकरनगर के रहने वाले थे. पुलिस ने गाड़ी नंबरों के आधार पर ट्रक मालिकों और मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया है.

सीएम योगी ने जताया दुख, दिए राहत के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने जिला प्रशासन को पीड़ितों को तत्काल राहत पहुंचाने और घायल खलासी के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं. एएसपी बांदा मेविस टॉक ने बताया कि फायर सर्विस और रिस्पांस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला. दोनों ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो गए हैं. पुलिस अब शवों का पंचनामा भरकर आगे की विधिक कार्यवाही में जुटी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement