गोरखपुर के रामगढ़ताल थाने की पुलिस टीम सुबह करीब 6:30 बजे महराजगंज में छापेमारी कर वापस लौट रही थी. श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के कतारी इलाके में तेज रफ्तार पुलिस स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और फिर सीधे एक पेड़ से जा टकराई. इस हादसे में सब-इंस्पेक्टर संतोष कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि सीनियर सब-इंस्पेक्टर रमेश चंद्र कुशवाहा और महिला सब-इंस्पेक्टर गीता की हालत नाजुक बनी हुई है. प्रारंभिक जांच के अनुसार, चालक को झपकी आने के कारण यह भीषण दुर्घटना हुई. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को मलबे से निकालकर बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर में भर्ती कराया गया है.
छापेमारी से लौटते वक्त हुआ हादसा
सीओ (कैंट) योगेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस टीम महराजगंज में एक ऑपरेशन पूरा करने के बाद वापस गोरखपुर आ रही थी. टीम में सीनियर सब-इंस्पेक्टर, दो सब-इंस्पेक्टर, दो कांस्टेबल और एक प्राइवेट ड्राइवर शामिल था.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया. हाईवे पर सन्नाटा होने और सुबह का वक्त होने के कारण ड्राइवर का नियंत्रण खो गया, जिससे गाड़ी सीधे पेड़ में जा घुसी.
उपचार के दौरान तोड़ा दम
घायलों को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. वहां इलाज के दौरान सब-इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने दम तोड़ दिया. संतोष कुमार मूल रूप से बिहार के सिवान जिले के सहसरावं गांव के रहने वाले थे और वर्तमान में गोरखपुर के रामगढ़ताल थाने में तैनात थे. उनकी मृत्यु की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन गोरखपुर के लिए रवाना हो गए हैं.
दो अधिकारियों की हालत चिंताजनक
मेडिकल कॉलेज में भर्ती सीनियर सब-इंस्पेक्टर कुशवाहा और सब-इंस्पेक्टर गीता की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है. वहीं, गाड़ी के ड्राइवर को खतरे से बाहर बताया जा रहा है और दो अन्य पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आई हैं. पुलिस प्रशासन घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में जुटा है.
गजेंद्र त्रिपाठी