यूपी के संभल में तेज रफ्तार स्कूटी और मोटर साइकिल की टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई. इस हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल भी हुए है. घायलों को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है. हादसे की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों मृतकों के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. सूचना पाकर मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंचे तो वहां चीख-पुकार मच गई.
दरअसल, बीती रात बहजोई थाना इलाके में इस्लामनगर रोड पर मिर्जापुर गांव के पास तेज रफ्तार स्कूटी और मोटरसाइकिल की आमने-सामने से जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण हुई कि दोनों ही वाहनों के मौके पर परखच्चे उड़ गए. इस भीषण सड़क हादसे में बहजोई कस्बे के कुरेशियां मोहल्ले के निवासी मोहम्मद सैफ और मडनपुर गांव के निवासी गजेंद्र व सत्यवीर सहित तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि, दो अन्य युवक हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मची तो आसपास के गांव के लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए. इसके बाद आनन फानन में घायलों को बहजोई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया. लेकिन घायलों की हालत गंभीर होने पर तुरंत ही हायर सेंटर रेफर कर दिया गया.
हादसे की जानकारी मिलने पर बहजोई थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मौके से मृतकों के शव अस्पताल लेकर पहुंची. लेकिन डॉक्टर ने तीनों को मृत घोषित कर दिया. जिसके बाद पुलिस ने तीनो मृतकों के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
मामले में बहजोई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर ने बताया कि सड़क हादसे में पांच लोगों को अस्पताल लाया गया था, जिसमें तीन लोगों की मौत हो चुकी है और दो लोगों को प्राथमिक उपचार देने के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है.
अभिनव माथुर