सहारनपुर से एक दिलचस्प और अनोखी कहानी सामने आ रही है. जहां पशु प्रेमी राजेंद्र अटल इन दिनों दुनिया की सबसे छोटी गाय के पालन को लेकर चर्चा में हैं. पशु-पक्षियों से खास लगाव रखने वाले राजेंद्र के पास पहले से ही कई तरह के जानवर मौजूद हैं, लेकिन उनकी जिंदगी में नया मोड़ तब आया जब उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को छोटी गाय के साथ स्नेह जताते हुए देखा. यही दृश्य उनके लिए प्रेरणा बन गया और उन्होंने तय कर लिया कि अब वे भी इस खास नस्ल की गाय का पालन करेंगे.
3 फीट से भी कम होती है इस गाय की कीमत
इसके बाद राजेंद्र ने मध्य प्रदेश से “पुंगनूर” नस्ल की गाय मंगवाई, जिसे दुनिया की सबसे छोटी गायों में गिना जाता है. करीब सवा दो फीट ऊंचाई वाली यह गाय देखने में जितनी आकर्षक है, उतनी ही शांत और मिलनसार भी है. राजेंद्र का कहना है कि यह गाय लोगों को तेजी से अपनी ओर आकर्षित करती है और अन्य पालतू जानवरों की तरह आसानी से घुल-मिल जाती है. उनका मकसद अब इस नस्ल को सहारनपुर में ही विकसित करना है, ताकि इच्छुक लोगों को यह आसानी से उपलब्ध हो सके.
बादाम से भी ज्यादा महंगा है एक लीटर दूध की कीमत
इस छोटी गाय की खासियत सिर्फ इसकी कद-काठी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका दूध भी बेहद खास और महंगा है. बाजार में इसका दूध हजार रुपये प्रति लीटर से भी ज्यादा कीमत पर बिक रहा है. यानी यह बादाम जैसे महंगे खाद्य पदार्थों को भी कीमत के मामले में पीछे छोड़ रहा है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस गाय के दूध का उपयोग शिवलिंग पर अभिषेक के लिए भी बेहद शुभ माना जाता है, जिससे इसकी मांग और भी बढ़ जाती है.
4 लाख रुपये से अधिक है गाय की कीमत
राजेंद्र अब इस नस्ल की ब्रीडिंग पर काम कर रहे हैं और चाहते हैं कि सहारनपुर भी इस अनोखी पहल का केंद्र बने. करीब चार लाख रुपये से अधिक कीमत वाली इस गाय को पालना आसान नहीं है, लेकिन राजेंद्र का जुनून और पशु प्रेम इसे एक मिशन में बदल चुका है. उनकी यह पहल न सिर्फ लोगों को आकर्षित कर रही है, बल्कि यह भी दिखा रही है कि प्रेरणा अगर सही मिले, तो छोटे से कदम भी बड़ी पहचान बना सकते हैं.
राहुल कुमार