सहारनपुर में नवरात्र से पहले माहौल गर्म, मां शाकम्भरी क्षेत्र में गैर हिंदुओं का प्रवेश वर्जित के लगे पोस्टर

सहारनपुर में चैत्र नवरात्र मेले से पहले शाकम्भरी देवी क्षेत्र में लगे विवादित पोस्टरों को पुलिस ने हटाकर 10 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है. पोस्टरों में धार्मिक आधार पर काम और प्रवेश को लेकर आपत्तिजनक बातें लिखी थीं. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए सतर्कता बढ़ा दी है.

Advertisement
शाकम्भरी देवी क्षेत्र में पोस्टरों से मचा हंगामा (Photo: Screengrab) शाकम्भरी देवी क्षेत्र में पोस्टरों से मचा हंगामा (Photo: Screengrab)

राहुल कुमार

  • सहारनपुर,
  • 17 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 7:27 PM IST

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में चैत्र नवरात्र मेले से पहले सिद्धपीठ मां शाकम्भरी देवी क्षेत्र में लगे विवादित पोस्टरों को लेकर पुलिस ने सख्त कदम उठाया है. मिर्जापुर थाना क्षेत्र में प्रवेश द्वार और आसपास के इलाकों में चिपकाए गए इन पोस्टरों को हटाते हुए पुलिस ने 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. प्रशासन ने साफ कहा है कि माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.

Advertisement

जानकारी के मुताबिक मेले से पहले लगाए गए इन पोस्टरों में सिर्फ हिंदुओं को रोजगार देने और गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर रोक लगाने जैसी बातें लिखी गई थीं. पोस्टर सामने आते ही इलाके में हलचल बढ़ गई और यह मामला तेजी से चर्चा में आ गया. स्थानीय स्तर पर इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं और माहौल संवेदनशील हो गया.

धार्मिक आधार पर लिखी बातों से बढ़ी हलचल

कुछ संगठनों की तरफ से मेले में काम करने वाले लोगों की पहचान जांचने और बाहरी लोगों की एंट्री पर रोक लगाने की मांग भी उठाई गई. इन मांगों के चलते क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनने लगी थी. प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई करने का निर्णय लिया.

इस पूरे मामले पर एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि 16 मार्च को सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी. पुलिस ने सभी आपत्तिजनक पोस्टर और बैनर हटवा दिए और स्थिति को नियंत्रण में लिया. इसके साथ ही अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

Advertisement

पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है और पोस्टर लगाने वालों की पहचान करने की कोशिश जारी है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी तरह से कानून व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

शांति व्यवस्था के लिए पुलिस की बढ़ी सतर्कता

फिलहाल पुलिस पूरे इलाके पर नजर बनाए हुए है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है. मेले को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है ताकि किसी तरह की अफवाह या तनाव की स्थिति न बने. प्रशासन ने लोगों से भी शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement