प्रयागराज के गंगानगर जोन में प्यार, धोखे और हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली, लेकिन इस प्रेम कहानी का अंत बेहद दर्दनाक निकला. एक नाबालिग लड़के ने अपनी नाबालिग प्रेमिका की हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसकी निशानदेही पर लड़की का शव बरामद कर लिया है.
मामला सराय इनायत थाना क्षेत्र का है. पुलिस के मुताबिक 17 वर्षीय नाबालिग कक्षा 10वीं की छात्रा थी. उसकी इंस्टाग्राम पर बहरिया थाना क्षेत्र के रहने वाले साढ़े 17 साल के लड़के से दोस्ती हुई थी. आरोपी कक्षा 12वीं का छात्र है. दोनों के बीच सोशल मीडिया पर बातचीत शुरू हुई और फिर फोन पर बात होने लगी. धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए. पुलिस के मुताबिक दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए थे.
20 अप्रैल को खुशी पाल स्कूल जाने के लिए घर से निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी. काफी तलाश के बाद परिवार ने सराय इनायत थाने में असमित वर्मा के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की टीम गठित की गई और जांच शुरू हुई. जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी नाबालिग को हिरासत में लिया. पूछताछ में उसने चौंकाने वाला खुलासा किया. आरोपी ने बताया कि खुशी उस पर शादी का दबाव बना रही थी, जबकि वह शादी नहीं करना चाहता था.
सोशल मीडिया से शुरू हुई लव स्टोरी का खौफनाक अंत
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने 20 अप्रैल को खुशी को मिलने के लिए बुलाया. इसके बाद वह बाइक से उसे मऊआइमा थाना क्षेत्र में ले गया. वहां हरखपुर गांव के पास शारदा सहायक नहर के किनारे उसने धारदार हथियार से गले पर वार कर उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया.
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लड़की का शव बरामद कर लिया है. शव काफी सड़ी-गली हालत में मिला. परिजनों ने कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान की. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. डीसीपी गंगानगर जोन कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि होगी.
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
वहीं मृतका के पिता लक्ष्मी नारायण पाल ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी घर से सोने-चांदी के गहने और नकदी लेकर गई थी. उनका कहना है कि आरोपी ने गहने और पैसे लेने के बाद उनकी बेटी की हत्या कर दी. मृतका की छोटी बहन मुस्कान पाल ने बताया कि उसकी बहन आरोपी से मोबाइल पर बात करती थी. परिवार ने लड़के को समझाने की कोशिश भी की थी, लेकिन दोनों की बातचीत जारी रही. परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और फांसी की सजा की मांग की है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
पंकज श्रीवास्तव