काशी में PM मोदी का मेगा शो: 6332 करोड़ की सौगात और 1500 महिला पुलिसकर्मियों का सुरक्षा घेरा, बंगाली महिलाओं ने किया शंखनाद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दो दिवसीय दौरे पर हैं. इस दौरान वे 'नारी शक्ति वंदन महासम्मेलन' के जरिए पूर्वांचल को 163 परियोजनाओं की सौगात देंगे. 6332 करोड़ रुपये के इन प्रोजेक्ट्स में भगवानपुर STP और गंगा पर नया रेल-सह-सड़क पुल जैसे बड़े काम शामिल हैं.

Advertisement
वाराणसी में पीएम का स्वागत करते सीएम योगी (Photo- PTI) वाराणसी में पीएम का स्वागत करते सीएम योगी (Photo- PTI)

रोशन जायसवाल

  • वाराणसी ,
  • 28 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 4:27 PM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 और 29 अप्रैल को वाराणसी के दौरे पर हैं, जहां वे बीएलडब्ल्यू (BLW) खेल मैदान से काशी सहित पूरे पूर्वांचल के लिए 6332.16 करोड़ रुपये की 163 परियोजनाओं का उपहार देंगे. इनमें 1054 करोड़ की 50 परियोजनाओं का लोकार्पण और 5277 करोड़ की 113 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है. इस दौरे का मुख्य आकर्षण 'नारी शक्ति वंदन महासम्मेलन' है, जिसमें लगभग 40 हजार महिलाएं शामिल हो रही हैं. पीएम मोदी काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगे. वाराणसी पुलिस ने सुरक्षा और ट्रैफिक के कड़े इंतजाम सुनिश्चित किए हैं.

Advertisement

नारी शक्ति का संगम और अभेद्य सुरक्षा

बीएलडब्ल्यू मैदान में होने वाली इस विशाल रैली की कमान पूरी तरह महिलाओं के हाथ में है. पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के मुताबिक, सुरक्षा के लिए 1500 महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है. 

पूरे कार्यक्रम स्थल की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और एंटी-ड्रोन सिस्टम से की जा रही है. सुरक्षा घेरे में एटीएस (ATS) और क्यूआरटी (QRT) टीमें भी अत्याधुनिक हथियारों के साथ मौजूद रहेंगी. प्रधानमंत्री के रूट पर 2 हजार अतिरिक्त पुलिस बल तैनात हैं और ट्रैफिक डायवर्जन इस तरह लागू किया गया है कि आम जनता को परेशानी न हो.

विकास की नई रफ्तार: लोकार्पण और शिलान्यास

प्रधानमंत्री द्वारा लोकार्पित की जाने वाली मुख्य परियोजनाओं में 308 करोड़ का भगवानपुर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) और 277 करोड़ की वाराणसी-आजमगढ़ रोड का चौड़ीकरण शामिल है. इसके अलावा, कज्जाकपुरा और कादीपुर में नए रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का उद्घाटन होगा. शिलान्यास वाली सूची में सबसे बड़ा प्रोजेक्ट गंगा नदी पर नया रेल-सह-सड़क पुल और मल्टी-ट्रैकिंग कार्य है, जिसकी लागत 2464 करोड़ रुपये है. साथ ही, एसएसपीजी (SSPG) अस्पताल में 500 बेड का मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाने की भी नींव रखी जाएगी.

Advertisement

बंगाली महिलाओं ने शंखनाद से किया स्वागत

पीएम मोदी के आगमन पर काशी के घाटों पर अद्भुत नजारा देखने को मिला. पश्चिम बंगाल में जारी चुनावी सरगर्मियों के बीच, काशी की बंगाली भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने गंगा घाट पर एकत्र होकर शंखनाद किया. कार्यकर्ता रीना पात्रो ने बताया कि प्रधानमंत्री के स्वागत और बंगाल में जीत के विश्वास को प्रकट करने के लिए यह आयोजन किया गया. करीब दो दर्जन महिलाओं ने पारंपरिक अंदाज में शंख बजाकर पीएम का वेलकम किया, जो शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है.

स्मार्ट सिटी और स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर

काशी को स्मार्ट बनाने की दिशा में प्रधानमंत्री 23 स्कूलों में स्मार्ट क्लास और यूपी कॉलेज में सिंथेटिक हॉकी टर्फ मैदान का लोकार्पण करेंगे. स्वास्थ्य क्षेत्र में बीएचयू (BHU) ट्रॉमा सेंटर को रोबोटिक घुटना सर्जरी सिस्टम मिलेगा. जिला प्रशासन के अनुसार, इन योजनाओं का सीधा लाभ आम जनता और विशेषकर महिलाओं को मिलेगा. जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने पुष्टि की है कि पीएम मोदी की लोकप्रियता को देखते हुए सड़क किनारे जुटने वाली भीड़ के लिए भी विशेष बैरिकेडिंग और सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement