उत्तर प्रदेश को मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज देर रात लखनऊ से सिंगापुर और जापान के लिए रवाना होंगे. उनके साथ प्रदेश के कुछ मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल भी जाएगा. कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 23 और 24 फरवरी को सिंगापुर में रहेंगे, जबकि 25 और 26 फरवरी को जापान की यात्रा करेंगे. सिंगापुर में सीएम योगी करीब 25 कंपनियों के प्रतिनिधियों, खासकर सीईओ स्तर के अधिकारियों से मुलाकात करेंगे.
जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर गूगल और एसटीटी ग्लोबल, एग्री बिजनेस पर जापका ग्रुप और ओलम इंटरनेशनल, तथा क्लीन और सौर ऊर्जा निवेश पर डीपीआर के साथ चर्चा करेंगे. वहीं सिंगापुर एयरलाइंस इंजीनियरिंग कंपनी के साथ एविएशन क्षेत्र में सहयोग की संभावनाएं भी तलाश की जाएंगी.
जापान दौरे के दौरान मुख्यमंत्री आठ कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे. इस यात्रा का मुख्य फोकस गवर्नमेंट टू बिजनेस (G2B) बैठकों पर रहेगा.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिंगापुर और जापान दोनों जगह राउंड टेबल मीटिंग के जरिए निवेशकों से संवाद करेंगे. इसके अलावा उनका कार्यक्रम वहां बच्चों से संवाद करने और सिंगापुर व जापान में रह रहे उत्तर प्रदेश के लोगों को संबोधित करने का भी है.
कुमार अभिषेक