वाराणसी में गंगा पर नाव पर 'बिरयानी इफ्तार' ने सियासी रंग ले लिया है. 14 मुस्लिम युवकों की गिरफ्तारी पर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने सवाल उठाए तो डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने तीखा पलटवार किया. उन्होंने कहा कि सपा हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति करती है. गलत को गलत कहने से कतराती है. भगवान उन्हें सद्बुद्धि दे. वहीं, मामले में FIR कराने वाले भारतीय जनता युवा मोर्चा वाराणसी के महानगर अध्यक्ष रजत जयसवाल ने आरोपियों को 'जिहादी मानसिकता' वाला बता दिया.
अखिलेश का बयान
मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने सवाल उठाया कि नाव पर इफ्तार मनाने में क्या दिक्कत है. साथ ही उन्होंने तंज करते हुए कहा कि उन लोगों ने पुलिस की हथेली पर ईदी नहीं रखी होगी. रख देते तो सब सही चलता. अखिलेश ने कहा कि प्रशासन को खुश करने के लिए इस तरह की कार्रवाई की जाती है. उन्होंने यह भी कहा कि त्योहार कहीं भी मनाया जा सकता है, चाहे वह घर की छत हो या नाव पर हो.
वहीं, गंगा में नाव पर नॉनवेज खाने को लेकर उठे विवाद पर अखिलेश ने कहा कि यह सिर्फ बहाना बनाया जा रहा है ताकि लोगों के बीच दूरी पैदा की जा सके. उन्होंने एक उदाहरण देते हुए कहा कि गंगा में एक लग्जरी जहाज (क्रूज) चलता है, जहां महंगी शराब परोसी जाती है और उसका कचरा भी नदी में जाता है, लेकिन उस पर कोई एक्शन नहीं होता.
डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने अखिलेश पर किया पलटवार
ब्रजेश पाठक ने कहा कि मां गंगा हमारी पवित्र नदी है. करोड़ों लोगों की आस्था जुड़ी हुई है और उस आस्था से कोई खिलवाड़ नहीं कर सकता. हिंदू गंगा में स्नान कर पुण्य कमाते हैं, कोई अगर उसमें मांस के टुकड़े फेंकेगा तो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अखिलेश जी को कम से कम इस कृत्य की निंदा करनी चाहिए. वोट के लिए तुष्टिकरण नहीं करना चाहिए.
यह भी पढ़ें: वाराणसी में 14 मुस्लिम युवक गिरफ्तार, गंगा में नाव पर 'बिरयानी इफ्तार' पार्टी करने का VIDEO हुआ था वायरल
भारतीय जनता युवा मोर्चा की तीखी प्रतिक्रिया
वाराणसी में गंगा में चिकन बिरयानी खाकर हड्डियां फेंकने के मामले में भारतीय जनता युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने इस कृत्य को 'जिहादी मानसिकता' और 'धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली सोची-समझी साजिश' करार दिया. रजत ने आरोपियों को 'हरा वायरस' बताते हुए आरोप लगाया कि ये लोग काशी की पवित्रता और सनातनी आस्था को चोट पहुंचाना चाहते हैं.
उन्होंने मुस्लिम धर्मगुरुओं पर युवाओं को भड़काने का आरोप लगाया और अंजुमन इंतजामिया कमेटी की निंदा को केवल 'बचाव की कोशिश' बताया. रजत ने चेतावनी दी कि यूपी में योगी सरकार और केंद्र में मोदी सरकार के रहते ऐसी हरकतों का सख्त अंजाम भुगताया जाएगा. उन्होंने खुद को अनजान नंबरों से धमकी मिलने की बात भी कही, जिस पर प्रशासन सहयोग कर रहा है. उनका दावा है कि 2047 तक भारत विकसित होने के साथ सनातनी परचम भी लहराएगा.
रोशन जायसवाल