नोएडा के थाना फेज 3 क्षेत्र के सेक्टर 70 बसई गांव के पास एक कार अनियंत्रित होकर नाले में गिर गई. घटना के वक्त ड्राइवर गाड़ी खड़ी करके शराब लेने गया था, तभी कार अचानक खिसककर नाले में आधी घुस गई. घटना की जानकारी मिलने पर फेज 3 थाने की पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार को नाले से बाहर निकाला.
स्थानीय लोगों की मदद से ड्राइवर ने गाड़ी को सुरक्षित निकाला और इस पूरी घटना में किसी को कोई चोट नहीं आई है.
नोएडा पुलिस के मुताबिक, कार को नाले से हटा लिया गया है और मामले में आगे की जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
ड्राइवर की चूक
यह हादसा उस वक्त हुआ, जब ड्राइवर ने बसई गांव के पास कार खड़ी की और शराब लेने चला गया. इसी दौरान कार ढलान या अन्य कारण से खिसकी और नाले में जा घुसी. राहत की बात यह रही कि कार के अंदर कोई मौजूद नहीं था. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की और पुलिस को इसकी जानकारी दी.
यह भी पढ़ें: महुआ मोइत्रा-प्रशांत किशोर फर्जी चैट केस: बंगाल पुलिस की नोएडा में दबिश, आरोपी फरार
प्राधिकरण की लापरवाही पर उठे सवाल
इस घटना ने नोएडा प्राधिकरण की कार्यशैली पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. चश्मदीदों के मुताबिक, नाला किसी भी तरह से ढका हुआ (कवर) नहीं था. खुले नाले की वजह से यहां अक्सर बड़े हादसे का डर बना रहता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर नाला ढका होता, तो शायद कार इस तरह अंदर नहीं जाती.
भूपेन्द्र चौधरी