नोएडा: फर्जी टूर पैकेज के नाम पर करते थे ठगी, 3 गिरफ्तार

नोएडा सेक्टर-24 पुलिस ने “रेंजर्स क्लब” नाम से टूर पैकेज के नाम पर ठगी करने वाले तीन आरोपियों इमरान खान, अभय कुमार और शैलेन्द्र सिंह को गिरफ्तार किया है. ये लोग फर्जी पर्यटन मंत्रालय के दस्तावेज दिखाकर लोगों से पैसे ऐंठते थे. पुलिस ने फर्जी आईडी, मोहरें, दस्तावेज, मोबाइल और नकदी बरामद की है.

Advertisement
पुलिस गिरफ्तार में ठगी के आरोपी. (Photo: Bhupender Chaudhary/ITG) पुलिस गिरफ्तार में ठगी के आरोपी. (Photo: Bhupender Chaudhary/ITG)

भूपेन्द्र चौधरी

  • नोएडा,
  • 10 मई 2026,
  • अपडेटेड 7:01 AM IST

नोएडा में टूर पैकेज के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का थाना सेक्टर-24 पुलिस ने पर्दाफाश किया है. पुलिस ने “रेंजर्स क्लब” नाम से कंपनी चलाकर फर्जीवाड़ा करने वाले तीन आरोपियों को सेक्टर-32 स्थित एक मॉल से गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बड़ी संख्या में फर्जी दस्तावेज, नकली पहचान पत्र और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है.

Advertisement

एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान खान, अभय कुमार और शैलेन्द्र सिंह के रूप में हुई है. ये तीनों खुद को कंपनी का डायरेक्टर बताकर लोगों को सस्ते और आकर्षक टूर पैकेज का लालच देते थे. आरोपियों का तरीका बेहद सुनियोजित था, जिसमें वे ग्राहकों को देश-विदेश की यात्रा, लग्जरी सुविधाएं, होटल बुकिंग और अन्य सेवाएं कम कीमत पर उपलब्ध कराने का झांसा देते थे.

खुद को पर्यटन मंत्रालय से जुड़ा बताता था गिरोह
जांच में सामने आया कि आरोपी लोगों को विश्वास में लेने के लिए खुद को भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय से जुड़ा हुआ बताते थे. इसके लिए वे फर्जी आईडी कार्ड, विजिटिंग कार्ड और नकली एमओयू दस्तावेज तैयार करवाते थे. जिन्हें दिखाकर ग्राहकों को प्रभावित किया जाता था. इसके अलावा फर्जी मोहरों का भी इस्तेमाल किया जाता था, ताकि लोगों को यह लगे कि कंपनी पूरी तरह से वैध और सरकारी मान्यता प्राप्त है.

Advertisement

पुलिस के अनुसार पैसे लेने के बाद आरोपी किसी भी प्रकार की यात्रा या सेवा उपलब्ध नहीं कराते थे. जब ग्राहक संपर्क करने की कोशिश करते थे तो उन्हें टालमटोल किया जाता था या फिर कंपनी के कर्मचारी गायब हो जाते थे. इस तरह यह गिरोह कई लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी कर चुका था. पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने लंबे समय से इस तरह की धोखाधड़ी की योजना बनाई हुई थी और लगातार नए-नए ग्राहकों को फंसाकर पैसा कमाते थे.

पुलिस ने तीन आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा
पुलिस का अनुमान है कि इस गिरोह से जुड़े और भी लोग हो सकते हैं, जिनकी तलाश की जा रही है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 फर्जी आई कार्ड, 180 विजिटिंग कार्ड, 14 फर्जी मोहरें, 15 एमओयू दस्तावेज, 3 मोबाइल फोन, एक क्रेटा कार और 7100 रुपये नकद बरामद किए हैं. यह सभी सामग्री ठगी के नेटवर्क को संचालित करने में इस्तेमाल की जा रही थी.

फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. साथ ही पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि अब तक कितने लोग इस गिरोह के शिकार बने हैं और इसके पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement