मिर्जापुर की गजब तस्वीर: सड़क के बीचों-बीच खड़ा बिजली का खंभा, Video हो रहा वायरल

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में हैरान करने वाली तस्वीर सामने आई है. यहां सीसी सड़क के ठीक बीचों-बीच बिजली का खंभा खड़ा दिख रहा है. इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. लोगों का कहना है कि खंभे को हटाए जाने की मांग की जा चुकी है, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया. यहां अक्सर हादसे होते रहते हैं.

Advertisement
लोग बोले-अक्सर होते रहते हैं हादसे. (Photo: Screengrab) लोग बोले-अक्सर होते रहते हैं हादसे. (Photo: Screengrab)

सुरेश कुमार सिंह

  • मिर्जापुर,
  • 17 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 10:47 AM IST

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है. यहां सीसी सड़क के ठीक बीचों-बीच बिजली का खंभा खड़ा दिख रहा है. इस अजीबोगरीब स्थिति का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसे देखकर लोग हैरानी जता रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से कई गांवों के लोग रोजाना गुजरते हैं, लेकिन सड़क के बीच खड़ा खंभा हादसों को न्योता दे रहा है. आए दिन वाहन चालक इससे टकराने से बाल-बाल बचते हैं, जबकि कई छोटे-मोटे हादसे भी हो चुके हैं.

Advertisement

यह मामला मझवा विधानसभा क्षेत्र के कछवा-निगतपुर मार्ग का है. यहां निगतपुर रेलवे स्टेशन को जोड़ने के लिए सीसी सड़क का निर्माण कराया गया था. सड़क बनने से पहले ग्रामीणों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था. स्थानीय लोगों के अनुसार, उनकी मांग पर और मंत्री आशीष पटेल के प्रयास से रेलवे विभाग ने इस सड़क का निर्माण कराया.

यहां देखें Video

हालांकि, सड़क निर्माण के दौरान एक बड़ी लापरवाही सामने आई. सड़क के बीचों-बीच पहले से मौजूद बिजली के खंभे को हटाने की बजाय उसी के चारों ओर सीसी रोड बना दी गई. नतीजा यह हुआ कि अब यह सड़क सुविधा के बजाय परेशानी का कारण बन गई है.

यह भी पढ़ें: बिहार की महिलाओं ने दिखाया दम, अपने दम पर गांव में बना दी सड़क

स्थानीय निवासी और प्रधानपति दयाशंकर पटेल ने बताया कि सड़क निर्माण के समय ही अधिकारियों से खंभा हटाने की मांग की गई थी. उस समय आश्वासन दिया गया था कि पहले सड़क बन जाए, खंभा बाद में हटा दिया जाएगा. लेकिन सड़क बनने के बाद भी खंभा वहीं का वहीं खड़ा है, जिससे लोगों को लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही है.

Advertisement

ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क निगतपुर रेलवे स्टेशन तक जाने का प्रमुख मार्ग है, ऐसे में यहां से रोजाना बड़ी संख्या में लोग और वाहन गुजरते हैं. ऐसे में बीच सड़क पर खड़ा बिजली का खंभा किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है.

वायरल वीडियो के बाद अब प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों ने संबंधित विभागों से जल्द से जल्द इस खंभे को हटाने की मांग की है, ताकि सड़क सुरक्षित और सुगम बन सके. फिलहाल, इस मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. फिलहाल मामले का वीडियो वायरल हो रहा है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement