मेरठ में तलाक के बाद एक अनोखा मामला आया था, जब एक बेटी का तलाक हुआ और रिटायर्ड जज पिता ने ढोल-नगाड़ों के साथ उसका वापस घर में स्वागत किया. तलाक के बाद ढोल-नगाड़े बजवाने को लेकर सोशल मीडिया पर बेटी को ट्रोल किया जा रहा है. लड़की के पिता रिटायर्ड जज ने भी अपने ऊपर हमले का अंदेशा जाहिर किया है.
प्रणिता और उनके पूर्व पति मेजर गौरव अग्निहोत्री के बीच अब आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला शुरू हो गया है. प्रणिता के पिता ने गौरव के इंटरनेट मीडिया पर जारी बयान को मानहानि का मामला बताया है. बेटी प्रणिता ने भी पूर्व पति मेजर अग्निहोत्री पर गंभीर आरोप लगाए हैं. प्रणिता के अनुसार, मेजर गौरव ने उसे जान से मारने का प्रयास किया था.
क्या है पूरा मामला
दरअसल, मेरठ की रहने वाले रिटायर्ड जज ज्ञानेंद्र शर्मा की बेटी प्रणिता की शादी साल 2018 शाहजहांपुर के रहने वाले मेजर गौरव अग्निहोत्री से हुई थी. उनका एक बेटा भी हुआ. आरोप है कि शादी के बाद से ही दोनों में अनबन रहने लगी.
ढोल बजाकर प्रणिता की घर वापसी
मामला कोर्ट तक पहुंचा. जिसके बाद हाल ही में दोनों का तलाक हो गया. तलाक होने के बाद रिटायर्ड जज पिता ज्ञानेंद्र शर्मा ने अपनी बेटी का स्वागत ढोल नगाड़ों से किया और कहा कि बेटा-बेटी सब बराबर हैं. यह पूरा मामला सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से वायरल हुआ. देखें VIDEO:-
वहीं, अब इसके बाद प्रणिता और पूर्व ससुराल पक्ष की ओर से आरोप प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं. प्रणिता के परिवार ने आरोप लगाया कि पूर्व पति गौरव समेत ससुर श्याम किशोर अग्निहोत्री सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं. प्रणिता के चरित्र पर टिप्पणी की जा रही है.
वहीं, ससुराल वालों ने रिटायर्ड जज ज्ञानेंद्र शर्मा और प्रणिता पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिनके कई वीडियो भी ससुराल वालों की ओर से जारी किए गए.
वहीं, प्रणिता के पिता ज्ञानेंद्र शर्मा ने कहा कि तलाक के बाद बेटी को ढोल नगाड़े से लाने का और लड्डू बांटने का उद्देश्य प्रणिता को ट्रॉमा से बाहर निकलना था.
हालांकि, तलाक किस आधार हुआ? इसकी सूचना प्रणिता ने किसी भी मीडिया प्लेटफॉर्म को नहीं दी. पति-पत्नी में नहीं बनने को तलाक की वजह बताया गया. देखें VIDEO:-
बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मेजर गौरव अग्निहोत्री भी मीडिया के सामने आए और उन्होंने प्रणिता के परिवार पर आरोप लगाए. इसके बाद ही प्रणिता को सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जा रहा है.
'मैं मुंह दिखाने लायक नहीं बची'
प्रणिता का कहना है, ''मम्मी पापा मुझे जिस चीज से निकलना चाहते थे, वह एंजायटी और डिप्रेशन वापस आ चुका है. कहीं मन नहीं लग रहा है. मुझे ऐसा लगता है कि मैं मुंह दिखाने लायक नहीं रही हूं.''
वहीं, पिता ज्ञानेंद्र शर्मा ने कहा कि मेजर गौरव उनकी बेटी की समाज में छवि धूमल कर रहे हैं. पिता ज्ञानेंद्र शर्मा ने मेजर गौरव के खिलाफ सैन्य अधिकारियों, जालंधर आर्मी कैंट थाने में की गई कार्रवाई और फैमिली कोर्ट के समझौते नामे की कॉपी व साक्ष्य भी पेश किया.
पिता ने कहा कि उन्होंने न्यायालय में सभी आवश्यक दस्तावेज पेश कर दिए हैं. उन्होंने यह भी दोहराया कि वह अपनी बेटी के अधिकारों के लिए और रक्षा के लिए हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक जाएंगे.
उस्मान चौधरी