उत्तर प्रदेश के रामपुर में हैरान करने वाला मामला सामने आया है. एक युवक ने अपनी प्रेमिका के परिवार पर दबाव बनाने के लिए खुद के अपहरण की झूठी कहानी रच डाली. यूपी पुलिस ने जांच में इस साजिश का खुलासा करते हुए आरोपी और उसके साथी को अरेस्ट कर लिया है. पुलिस का कहना है कि प्रेमी प्रेमिका के परिवार को फंसाना चाहता था.
पुलिस के अनुसार, आरोपी हाशिम ने अपने साथी रेहान के साथ मिलकर साजिश रची थी. हाशिम का गांव की ही एक युवती से पिछले करीब तीन साल से प्रेम संबंध था. वह शादी करना चाहता था. लेकिन दोनों अलग-अलग समुदाय से होने के कारण युवती के परिवार वाले तैयार नहीं थे.
परिजनों के विरोध के बावजूद हाशिम लड़की के परिवार पर दबाव बना रहा था. कई बार समझाने के बाद भी जब वह नहीं माना, तो उसने एक साजिश रच डाली. 1 अप्रैल 2026 को हाशिम के परिजनों ने स्वार थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. इसी दौरान हाशिम ने खुद यूपी 112 पर कॉल कर अपने अपहरण की झूठी सूचना दी. उसने यह भी दावा किया कि कुछ लोग हथियारों के साथ उसका पीछा कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: MP: रिश्ते में लगने वाला ममेरे भाई-बहन को हुआ प्यार, प्रेमिका के परिजनों ने प्रेमी को उतारा मौत के घाट
इतना ही नहीं, आरोपी ने अपने परिजनों को मारपीट और फिरौती से जुड़ा एक फर्जी वीडियो भी भेजा, जिससे मामला और गंभीर दिखाई दे. इस पूरी साजिश का मकसद था- प्रेमिका के परिवार को झूठे केस में फंसाकर उन पर शादी के लिए दबाव बनाना. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की. साक्ष्यों और कॉल डिटेल्स के आधार पर पुलिस को शक हुआ कि मामला संदिग्ध है. जांच के बाद पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया.
पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना ने बताया कि हाशिम ने अपने साथी रेहान के साथ मिलकर इस पूरे घटनाक्रम को अंजाम दिया था और खुद वीडियो बनाकर परिजनों को भेज रहा था. पुलिस ने दोनों आरोपियों को मुरादाबाद के दलपतपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया है. उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है.
आमिर खान