यूपी के ललितपुर जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र से 13 फरवरी को 20 वर्षीय हिमांशी सेंगर लापता हो गई थी. पुलिस-परिजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला. लेकिन अब हिमांशी ने अपना एक वीडियो वायरल किया है जिसमें वह राहुल यादव नाम के युवक के साथ नजर आ रही है. हिमांशी राहुल को अपना पति बता रही है. साथ ही पुलिस-प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगा रही हैं.
वीडियो में हिमांशी सेंगर ने स्पष्ट किया कि वह बालिग है और उसने अपनी मर्जी से लव मैरिज की है. हिमांशी का आरोप है कि उसके पिता द्वारा गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद पुलिस और मायके पक्ष के लोग उसके ससुराल वालों और पति के दोस्तों को झूठे मुकदमों की धमकी देकर परेशान कर रहे हैं. हिमांशी ने चेतावनी दी है कि यदि उत्पीड़न नहीं रुका, तो वह आत्महत्या कर लेगी, जिसके जिम्मेदार पुलिस प्रशासन और उसके रिश्तेदार होंगे.
ससुराल वालों पर पुलिसिया कार्रवाई से नाराज
वायरल वीडियो में हिमांशी काफी परेशान नजर आ रही है. उसने बताया कि उसकी सास गर्भवती हैं और इस स्थिति में भी उन्हें और परिवार के अन्य सदस्यों को पुलिस प्रशासन द्वारा धमकाया जा रहा है. युवती का कहना है कि उसने किसी दबाव में नहीं, बल्कि अपनी स्वेच्छा से राहुल यादव को अपना जीवनसाथी चुना है. वह नहीं चाहती कि उसके इस फैसले की सजा उसके पति के निर्दोष दोस्तों या परिवार को मिले.
13 फरवरी से लापता थी हिमांशी
गौरतलब है कि हिमांशी 13 फरवरी की रात को अचानक अपने घर से गायब हो गई थी. बेटी के न मिलने पर उसके पिता ने सदर कोतवाली में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस तभी से उसकी तलाश में जुटी थी, लेकिन अब युवती के खुद सामने आकर वीडियो जारी करने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है. हिमांशी अब सीधे तौर पर पुलिस प्रशासन से अपने और अपने ससुराल पक्ष के लिए सुरक्षा की गुहार लगा रही है.
आत्महत्या की दी चेतावनी
युवती ने वीडियो के अंत में बेहद गंभीर चेतावनी दी है. उसने कहा कि अगर मायके पक्ष और पुलिस का दबाव कम नहीं हुआ और उसके ससुराल वालों को परेशान करना बंद नहीं किया गया, तो वह अपनी जीवन लीला समाप्त कर लेगी. हिमांशी ने साफ तौर पर कहा कि ऐसी स्थिति में उसके मायके वाले, रिश्तेदार और स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह जिम्मेदार होंगे. फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वहीं, पुलिस का कहना है कि प्रकरण में कोतवाली ललितपुर पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत है, अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित है.
मनीष सोनी