कानपुर में गैंगस्टर आशीष कुमार शर्मा की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. जांच में सामने आया कि हत्या की साजिश उसकी पत्नी ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर रची और उसे अंजाम दिया. वारदात के बाद दोनों रात में ही हमीरपुर की ओर निकल गए. रास्ते में पत्नी ने नौबस्ता के पास झाड़ियों में कपड़े बदलकर अपनी पहचान छिपाई और फिर घर पहुंच गई. पुलिस ने चकेरी से हमीरपुर तक करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर पूरे घटनाक्रम का पर्दाफाश किया और आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका प्रेमी अब भी फरार है.
मूल रूप से हमीरपुर के कालपी चौराहा निवासी 52 वर्षीय आशीष शर्मा चकेरी क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर राजमिस्त्री का काम करता था. उसकी पत्नी और बच्चे गांव में रहते थे. एक अप्रैल की शाम पति-पत्नी के बीच फोन पर शराब को लेकर विवाद हुआ था. अगले दिन कई बार कॉल करने पर भी जवाब नहीं मिलने पर परिजनों ने पड़ोसी को घर भेजा, जहां दरवाजा बाहर से बंद मिला. खिड़की से झांकने पर आशीष का शव बिस्तर पर पड़ा मिला. पोस्टमार्टम में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई.
शुरुआत में पत्नी ने मकान मालिक पर आरोप लगाए, लेकिन जांच के दौरान पुलिस का शक उसी पर गया. पूछताछ में पहले वह टालमटोल करती रही, मगर सख्ती के बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस के अनुसार, आशीष पर एनडीपीएस समेत कई आपराधिक मामले दर्ज थे और वह हमीरपुर के चर्चित सिटी फॉरेस्ट कांड का भी आरोपी था.
पूछताछ में सामने आया कि पति की शराबखोरी और मारपीट से परेशान होकर पत्नी ने अपने प्रेमी सबलू खान के साथ मिलकर करीब 15 दिन पहले हत्या की योजना बनाई थी. वारदात की रात वह प्रेमी के साथ घर पहुंची, पति को शराब पिलाकर नशे में किया और फिर गला दबाकर हत्या कर दी. इस दौरान प्रेमी ने उसके हाथ-पैर पकड़ लिए ताकि वह विरोध न कर सके.
हत्या के बाद दोनों मौके से पैदल निकल गए और नौबस्ता बाईपास की ओर बढ़े. रास्ते में महिला ने कपड़े बदलकर सबूत मिटाने की कोशिश की. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसे नौबस्ता क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है.
सिमर चावला