कानपुर के कल्याणपुर इलाके में बुधवार को एक सेप्टिक टैंक की सफाई करते समय जहरीली गैस से दो लोगों की मौत हो गई. मृतकों में पिता और उसका बेटा शामिल हैं. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी. पुलिस ने बताया कि यह घटना गोवा गार्डन स्थित एक आवासीय अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स में हुई. जहां परिवार के तीन सदस्य—जावेद (45), उसका बेटा आकिब (25) और दामाद इरफान—सफाई के लिए आधी रात के करीब सेप्टिक टैंक में उतरे थे.
पुलिस के अनुसार जावेद और आकिब टैंक में गहराई तक उतरे व रात करीब 2 बजे सफाई के दूसरे दौर के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आ गए. इरफान को चक्कर आने लगे, लेकिन वह किसी तरह टैंक से बाहर निकलने में कामयाब रहा और उसने इमरजेंसी हेल्पलाइन पर कॉल करके अधिकारियों को सूचना दी.
यह भी पढ़ें: सेप्टिक टैंक में सफाई के दौरान तीन लोगों की मौत... रायपुर के अस्पताल में दर्दनाक हादसा
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस और SDRF की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और लगभग एक घंटे तक बचाव अभियान चलाया. जिसके बाद तीनों लोगों को टैंक से बाहर निकाला गया और लाला लाजपत राय अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने जावेद और आकिब को मृत घोषित कर दिया, जबकि इरफान की जान बच गई. मृतक कर्नलगंज इलाके के रहने वाले थे.
ACP (कल्याणपुर) आशुतोष कुमार और DCP (पश्चिम) एसएम कासिम आबिदी सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया. ACP ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि इन मौतों का कारण जहरीली गैस सांस में जाना है. सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया था या नहीं, इसकी जांच के लिए आगे की पड़ताल जारी है. पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
aajtak.in