'नकली जेवर लाया, मैं शादी नहीं करूंगी', कानपुर में जयमाल के बाद दूल्हे पर भड़की दुल्हन, लौटा दी बारात

'मैं इस दूल्हे से शादी नहीं करूंगी...' कानपुर में जयमाल के बाद दुल्हन के इस ऐलान ने पूरी बारात को हैरान कर दिया. दरअसल, एमबीए पास दूल्हा जो जेवर लेकर पहुंचा था, वे जब दुल्हन ने देखे तो नकली लगे. इसके बाद ज्वेलर को बुलाकर जांच कराई गई तो मामला साफ हो गया, जेवरों पर सोने की पॉलिश थी. इसके बाद विवाद हुआ और शादी टूट गई.

Advertisement
दूल्हा कहता रहा कि मैंने पैसे रखे हैं, असली जेवर ला दूंगा. (Photo: Representational) दूल्हा कहता रहा कि मैंने पैसे रखे हैं, असली जेवर ला दूंगा. (Photo: Representational)

रंजय सिंह

  • कानपुर,
  • 23 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 9:06 AM IST

उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक एमबीए पास दूल्हे की 'स्मार्टनेस' उस पर ही भारी पड़ गई. शादी में सोने के महंगे दामों से बचने के लिए दूल्हा असली की जगह नकली जेवर लेकर बारात के साथ पहुंचा, लेकिन उसकी यह चाल ज्यादा देर तक नहीं चल पाई. जयमाल के बाद जैसे ही दुल्हन ने जेवर देखे, पूरा मामला खुल गया और शादी टूट गई.

Advertisement

कानपुर के गुजैनी में रहने वाली लड़की की शादी पनकी के रतनपुर में रहने वाले लड़के से तय हुई थी. दोनों का पहले से मिलना जुलना भी था. दूल्हा एमबीए करने के बाद जॉब कर रहा था, लड़की भी ग्रेजुएट है. परिवारों की सहमति से शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं. गोद भराई और फलदान जैसी रस्में पहले ही हो चुकी थीं. सोमवार रात गेस्ट हाउस में धूमधाम से शादी का आयोजन किया गया.

दूल्हा बारात लेकर गेस्ट हाउस पहुंचा, जहां लड़की पक्ष ने पूरे सम्मान के साथ बारात का स्वागत किया. खाने-पीने और जयमाल की रस्म खुशी-खुशी पूरी हुई. लेकिन विवाद तब शुरू हुआ, जब चढ़ावे की रस्म के दौरान दूल्हे द्वारा लाए गए जेवर दुल्हन के पास पहुंचे.

यह भी पढ़ें: 'शादी के बाद ठीक कर देंगे...' दूल्हे की धमकी पर भड़की दुल्हन, शादी से इनकार, मैरिज हॉल में हिंसक झड़प

Advertisement

तय हुआ था कि दूल्हा मंगलसूत्र के साथ तीन सोने के जेवर देगा. लेकिन जैसे ही दुल्हन और उसके परिवार ने जेवर देखे, उन्हें शक हुआ कि ये नकली हैं. इसके बाद उन्होंने लड़के वालों से शिकायत की तो दूल्हा भी विवाद करने लगा कि हम असली जेवर लेकर आए हैं. तुरंत एक ज्वेलर को बुलाया गया, जिसने जांच के बाद साफ कर दिया कि ये रोल्ड गोल्ड के जेवर हैं, जिन पर सोने की परत चढ़ाई गई है.

इसके बाद गेस्ट हाउस में हंगामा खड़ा हो गया. दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई. दूल्हा और उसके परिजन जेवर को असली बताते रहे. थाने में पुलिस को सूचना दी गई. लड़के वालों ने 112 नंबर पर कॉल किया था. मौके पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों की बात सुनी. दोनों पक्षों के बुजुर्गों को बैठाया गया. समझौता होने लगा.

लोगों ने लड़की को समझाने की कोशिश की कि इसके बाद असली जेवर लड़के वाले दे देंगे, लेकिन दुल्हन ने साफ मना कर दिया कि जयमाल भले हो गई है, लेकिन मैं अब इस दूल्हे से शादी नहीं करूंगी. जो शादी में फेरों से पहले ही असली की जगह नकली जेवर लाकर मेरे सम्मान को ठेस पहुंचा रहा है, वह आगे जीवन में कैसे मेरे साथ रहेगा, उसका आगे का जीवन भी नकली ही होगा.

Advertisement

दूल्हा कहता रहा- मैं असली जेवर लेकर दे दूंगा

इस दौरान दूल्हा सफाई देता रहा कि मैंने असली जेवर के लिए पैसे रखे थे, लेकिन सोना काफी महंगा हो गया. इसलिए असली नहीं ला पाया. चांदी वाले असली हैं. मंगलसूत्र असली है. बाद में मैं असली सोने के जेवर लेकर दे दूंगा, लेकिन दुल्हन मानने को तैयार नहीं हुई.

लड़की के घरवाले कहते रहे कि लड़की ही जब शादी को तैयार नहीं है, तो हम क्या करें. इस मामले में गुजैनी थाने के सब इंस्पेक्टर संतोष यादव का कहना है कि 112 नंबर पर रात में सूचना मिली थी. पुलिस मौके पर गई, वहां दोनों पक्ष बैठे, लेकिन दुल्हन समझौता करने को तैयार नहीं थी. आखिरकार, आपसी सहमति से दोनों पक्षों ने खर्च का हिसाब निपटाया और बिना शादी के ही मामला खत्म हो गया. भोर होते-होते दूल्हा अपनी बारात के साथ वापस लौट गया.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement