झांसी: भाई को मारने की धमकी देकर किशोरी का अपहरण, स्टेशन पर लावारिस हालत में छोड़ा

उत्तर प्रदेश के झांसी से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. जहां भाई को मारने की धमकी देकर एक किशोरी का अपहरण कर लिया गया. फिर उसे लावारिस हालत में स्टेशन पर छोड़कर आरोपी फरार हो गए.

Advertisement
किशोरी, जिसका कर लिया गया था अपहरण. (Photo: Ajay Jha/ITG) किशोरी, जिसका कर लिया गया था अपहरण. (Photo: Ajay Jha/ITG)

अजय झा

  • झांसी,
  • 14 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 1:47 PM IST

झांसी के चिरगांव थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है. जहां गांव की एक किशोरी ने चार युवकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है. पीड़िता का आरोप है कि गांव के दबंग युवक उसे लंबे समय से परेशान कर रहे थे. कुछ दिन पहले उन्होंने उसे रास्ते से पकड़ लिया, मारपीट की और हंसिया दिखाकर भाई को जान से मारने की धमकी देते हुए जबरन अपने साथ भोपाल ले गए. जब उन्हें पता चला कि घरवालों ने पुलिस में शिकायत कर दी है, तो आरोपी उसे वापस झांसी रेलवे स्टेशन पर छोड़कर फरार हो गए.

Advertisement

पीड़िता का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद अभी तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. झांसी के चिरगांव थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि गांव के समीर, गौरव, मोहित और मनोज नाम के युवक काफी समय से उसे परेशान कर रहे थे. रास्ते में छेड़खानी करना, अभद्र टिप्पणियां करना और अश्लील बातें करना उनकी आदत बन गई थी.

यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र में 50 हजार के लिए युवक का अपहरण... पेड़ से उल्टा लटकाकर की बर्बर पिटाई, जख्मों में डाली मिर्च

6 मार्च को जबरन भोपाल ले गए थे आरोपी

पीड़िता के मुताबिक 6 मार्च को वह अपनी दादी के साथ खेत में चारा लेने गई थी. इसी दौरान रास्ते में चारों युवकों ने उसे पकड़ लिया. आरोप है कि उन्होंने उसके साथ मारपीट की और हंसिया दिखाकर धमकाया कि अगर उसने किसी को कुछ बताया तो उसके भाइयों को जान से मार देंगे. इसके बाद आरोपी उसे जबरन अपने साथ ले गए और भोपाल पहुंचा दिया.

Advertisement

उधर, जब किशोरी के घरवालों को उसके गायब होने की जानकारी हुई तो उन्होंने चिरगांव थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी. पीड़िता का कहना है कि जब आरोपियों को इसकी भनक लगी तो वे उसे ट्रेन से वापस झांसी ले आए और झांसी रेलवे स्टेशन पर छोड़कर भाग गए.
स्टेशन पर रोती हुई किशोरी को एक रिक्शा चालक ने देखा. उसने उससे पूछताछ की तो युवती ने अपने भाई को फोन किया. कुछ देर बाद भाई मौके पर पहुंचा और उसे अपने साथ सीधे थाने ले गया, जहां उसने पूरी घटना पुलिस को बताई.

पीड़िता ने पुलिस पर लगाया ये आरोप

पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने रिपोर्ट तो दर्ज कर ली है, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है. इसी को लेकर वह एसएसपी कार्यालय पहुंची और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए कड़ी कार्रवाई की गुहार लगाई. वहीं चिरगांव थाना प्रभारी का कहना है कि किशोरी के पिता ने कुछ दिन पहले थाने में उसके गायब होने की सूचना दर्ज कराई थी.

सूचना के अगले ही दिन किशोरी घर वापस आ गई थी. इसके बाद पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी के मुताबिक मामले में कई साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है और जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement