महाराष्ट्र में 50 हजार के लिए युवक का अपहरण... पेड़ से उल्टा लटकाकर की बर्बर पिटाई, जख्मों में डाली मिर्च

महाराष्ट्र के ठाणे में एक आदिवासी युवक के साथ बर्बरता का मामला सामने आया है. आरोप है कि एक ईंट-भट्ठा मालिक और उसके सहयोगी ने युवक का अपहरण कर उसे पेड़ से उल्टा लटका दिया और बेरहमी से पीटा. जख्मों में मिर्च पाउडर तक डाल दिया. दरअसल, आरोपी युवक के भाई को तलाश रहे थे, जिसने उनसे 50 हजार रुपये उधार लिए थे.

Advertisement
युवक को बर्बरता से पीटा. (Photo: Representational) युवक को बर्बरता से पीटा. (Photo: Representational)

aajtak.in

  • ठाणे,
  • 13 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 2:44 PM IST

महाराष्ट्र के ठाणे से एक बेहद क्रूर और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. एक आदिवासी युवक को अगवा कर उसके साथ अमानवीयता की गई. आरोप है कि एक ईंट-भट्ठा मालिक और उसके सहयोगी ने युवक को पेड़ से उल्टा लटकाकर पीटा और उसके घावों में मिर्च पाउडर डाल दिया.

एजेंसी के मुताबिक, 25 वर्षीय पीड़ित पालघर इलाके का रहने वाला है. पुलिस ने इस मामले में ईंट-भट्ठा मालिक नंदू देओलिकर और उसके एक सहयोगी के खिलाफ मामला दर्ज किया है. दोनों आरोपी भिवंडी इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं.

Advertisement

पुलिस के अनुसार, यह घटना बुधवार दोपहर की है. आरोपियों को पीड़ित के बड़े भाई की तलाश थी, जिसने कथित तौर पर उनसे करीब 50 हजार रुपये उधार लिए थे. जब उन्हें उसका भाई नहीं मिला तो उन्होंने युवक को ही निशाना बना लिया.

एफआईआर के मुताबिक, आरोपी युवक के पास पहुंचे और उसे यह कहकर अपने साथ ले गए कि वे उसके भाई को ढूंढना चाहते हैं. इसके बाद वे उसे जबरन एक चार पहिया वाहन में बैठाकर अलग-अलग ईंट-भट्ठों पर ले गए, जहां वे उसके भाई की तलाश कर रहे थे.

जब आरोपियों को उसका भाई कहीं नहीं मिला तो वे युवक को भिवंडी के पाये इलाके में स्थित अपने ही ईंट-भट्ठे पर ले गए. वहीं उसके साथ क्रूरता की सारी हदें पार कर दी गईं.

यह भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा वेस्ट: हॉर्न बजाकर साइड होने कहा तो द‍िखाई दबंगई, कार सवार युवक-युवतियों पर कर द‍िया हमला; Video

Advertisement

शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने युवक के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और उसे पेड़ से उल्टा लटका दिया. इसके बाद उन्होंने धारदार हथियारों से उस पर हमला किया और बेरहमी से पीटा.

इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसके घावों में मिर्च पाउडर भी डाल दिया. इस दौरान युवक मदद के लिए चिल्लाता रहा, लेकिन उसकी कोई मदद नहीं कर पाया.

आरोपियों ने उसे पूरी रात बंधक बनाकर रखा. हालांकि किसी तरह मौका मिलने पर युवक वहां से भाग निकला. वह किसी तरह वहां से निकलकर नागावे इलाके तक पहुंचा, जहां से उसने घटना की जानकारी दी.

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. एफआईआर में अपहरण, अवैध तरीके से बंधक बनाना, खतरनाक हथियार से चोट पहुंचाना, जबरन वसूली के लिए कैद करना और आपराधिक धमकी देने जैसी धाराएं शामिल हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement