उत्तर प्रदेश के झांसी में एक महिला ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. महिला का दावा है कि आरोपी ने उससे शादी करने से पहले और बाद में अन्य महिलाओं से भी शादी की. उसकी पांच साल की बेटी है, आरोपी उसे भी अपना मानने से इनकार कर रहा है. पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर डीएनए जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है.
पीड़िता ने कहा कि वह झांसी के समथर थाना क्षेत्र की रहने वाली है और वर्तमान में नवाबाद थाना क्षेत्र में रहती है. महिला थाने में केस दर्ज कराते हुए पीड़िता ने बताया कि साल 2020 में जब वह बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी हॉस्टल में रहती थी, तभी उसकी मुलाकात सरकारी डॉक्टर राजवीर से हुई थी.
यह मुलाकात धीरे-धीरे दोस्ती और भरोसे में बदल गई. इसी दौरान उसने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गई. इसके बाद उसने रेप किया और वीडियो बना लिया. होश आया तो विरोध किया. इस दौरान आरोपी डॉक्टर ने उससे कहा कि वह उसे पसंद करता है और शादी करना चाहता है. इसी बीच वह प्रेग्नेंट हो गई तो उसने आरोपी से 1 मई 2020 में शादी कर ली. इसके बाद दिसंबर में उसने बेटी को जन्म दिया.
बेटी के जन्म के बाद वह अक्सर बाहर रहने लगा और बातचीत भी करना बंद कर दिया. साथ ही अभद्र व्यवहार करने लगा. घर में बंद करके तमंचा दिखाकर मारपीट करता था.
यह भी पढ़ें: 'शादी का झांसा देकर 10 साल तक किया रेप', धुरंधर एक्टर पर हाउसहेल्प का आरोप, पुलिस ने किया गिरफ्तार
पीड़िता ने कहा कि पति पुखरायां में तैनात है, उसने एक महिला से शादी की थी, इसके बाद मुझसे शादी की. मेरे बाद भिंड में रहने वाली महिला से शादी की. उसने तीन शादियां कीं और पहली पत्नी को मार दिया. यह उसके माता-पिता का कहना है.
पीड़ित महिला का कहना है कि वह न्याय के लिए भटक रही है. आरोपी कहता है कि उससे कोई संबंध नहीं है और न ही उसकी बेटी है. आखिर में उसने बेटी और आरोपी के डीएनए टेस्ट की मांग की. अब डीएनए जांच कराई जा रही है. जांच रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो जाएगा.
महिला ने कहा कि मेरे साथ हुई शादी के साक्ष्यों को मिटाने की कोशिश की. फोटो समेत सबकुछ हटा दिया. मेरी 5 साल की बेटी है. मैंने डीआईजी से डीएनए करवाने की मांग की. वह शादी करने के बाद पहले साक्ष्यों को मिटाता है, इसके बाद छोड़ देता है. हमारी 2020 में अरेंज मैरिज हुई थी. वह कहता है कि हमारी शादी नहीं हुई, तो डीएनए कराया जाए.
अब डीएनए जांच की जा रही है. आरोपी पैसों के लिए ही शादी करता है, इसके बाद छोड़ देता है. वह रिवॉल्वर रखता था, जिसे दिखाकर हमें धमकाता था. अब हम न्याय चाहते हैं. पीड़िता की शिकायत पर आरोपी डॉक्टर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है.
प्रमोद कुमार गौतम