ग्रेटर नोएडा वेस्ट में होली के जश्न के बीच एक बड़ा हादसा हो गया. Greater Noida West की Ajnara Homes सोसाइटी में सोमवार देर रात खेलते समय 14 वर्षीय एक बच्चे के मुंह में लोहे का नुकीला सरिया घुस गया. घटना के बाद सोसाइटी परिसर में अफरातफरी मच गई और परिजनों के बीच चीख पुकार शुरू हो गई.
जानकारी के अनुसार घटना Bisrakh कोतवाली क्षेत्र की है. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बच्चे सोसाइटी के ओपन पार्क एरिया में अपने दोस्तों के साथ होली मना रहे थे. रंग और पानी के बीच खेलते समय एक बच्चा दौड़ते हुए संतुलन खो बैठा और वहां पौधों के चारों ओर लगाए गए लोहे के सरिये से टकरा गया.
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसाइटी में बड़ा हादसा
बताया जा रहा है कि सरिया का नुकीला हिस्सा सीधे उसके मुंह के पास से अंदर घुस गया. कुछ ही सेकंड में बच्चा खून से लथपथ हो गया और जोर-जोर से रोने और चिल्लाने लगा. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे संभाला और परिजनों को सूचना दी.
बच्चे के परिजन उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका प्राथमिक उपचार किया गया. इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। इसी दौरान खेल रहे एक अन्य बच्चे के माथे पर भी सरिया लग गया, जिससे उसे चोट आई. उसके परिजन भी उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे. प्राथमिक उपचार के बाद उसे भी घर भेज दिया गया.
पौधों की सुरक्षा के लिए लगाए गए लोहे के सरिये बने खतरा
एक साथ हुई इस घटना ने सोसाइटी के निवासियों और परिवार के लोगों की चिंता बढ़ा दी है. उनका कहना है कि हाल ही में परिसर में हरियाली बढ़ाने के लिए पौधे लगाए गए थे और उनकी सुरक्षा के लिए चारों ओर लोहे के सरिये और तार लगाए गए थे. बच्चों के खेलने के दौरान यही सरिये हादसे का कारण बने.
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे. बच्चों की हालत देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. आसपास के लोगों का कहना है कि यदि सरिया थोड़ा और अंदर चला जाता तो बच्चे की जान को भी खतरा हो सकता था. सोसाइटी के निवासियों ने बिल्डर और मेंटेनेंस टीम पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि खुले पार्क एरिया में इस तरह नुकीले सरिये लगाना खतरनाक है और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई गई.
खून से लथपथ बच्चे को अस्पताल पहुंचाया गया
वहीं गौतमबुद्धनगर मीडिया सेल की ओर से जारी जानकारी में कहा गया कि सोसाइटी के पोडियम पर लोहे की सरिया और तारों से छोटी-छोटी क्यारियों को कवर किया गया है. इन्हीं के आसपास बच्चे खेल रहे थे. खेलते समय करीब 12 वर्ष के एक बच्चे को सरिया लगने से चोट आई है. उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया और उसकी स्थिति सामान्य है. पुलिस के अनुसार इस घटना का होली खेलने से कोई संबंध नहीं है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
अरुण त्यागी