ग्रेटर नोएडा स्थित बिसरख कोतवाली क्षेत्र के शाहबेरी इलाके में रहने वाली एक ब्यूटीशियन ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतका की पहचान पूजा (23) के रूप में हुई है. वह मूल रूप से नया बाजार बजरगपुर, जिला दक्षिणी दिनाजपुर, पश्चिम बंगाल की रहने वाली थी. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार पूजा कोतवाली क्षेत्र में स्थित एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थी. जब वह छोटी थी, तभी उसके माता-पिता की मौत हो चुकी थी. पूजा शाहबेरी में किराये का कमरा लेकर अकेले रह रही थी. करीब 11 महीने पहले उसके साथ एक सहेली रहती थी, लेकिन फिलहाल वह अकेली ही रह रही थी.
ब्यूटीशियन ने फंदा लगाकर की खुदकुशी
रविवार सुबह पड़ोसियों और केयरटेकर को फ्लैट से दुर्गंध आने लगी. इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह कमरे के अंदर दाखिल हुई. वहां पूजा का शव फंदे से लटका मिला.
पड़ोसियों के मुताबिक पूजा वेलेंटाइन डे के दिन से दिखाई नहीं दे रही थी. ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि उसने 14 फरवरी की रात फांसी लगाई होगी. शव कई दिनों तक कमरे में पड़ा रहने के कारण दुर्गंध फैलने लगी थी.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है. पुलिस ने नोएडा में रहने वाली युवती की मौसी को घटना की जानकारी दे दी है. एसीपी सेंट्रल नोएडा पवन कुमार ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)
अरुण त्यागी