ग्रेटर नोएडा की रबूपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव कालूपुर में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. जहां मुआवजे की रकम के बंटवारे को लेकर बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की हत्या कर दी. मृतक की पहचान 25 वर्षीय सुखदेव शर्मा के रूप में हुई है. सुखदेव रविवार सुबह गांव से कुछ दूरी पर एक खेत में लहूलुहान हालत में मिला. आरोप है कि हत्या को सड़क हादसे का रूप देने के लिए साजिश रची गई. जिसमें मृतक का बड़ा भाई, उसका ससुर और बेटा भी शामिल है.
35 लाख रुपया बना हत्या की वजह
मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. जानकारी के मुताबिक सुख देव शर्मा 3 दिन पहले अपनी बाइक लेकर घर से निकला था. लेकिन वह वापस नहीं लौटा. परिवार ने उसकी तलाश की और पुलिस को भी गुमशुदगी की सूचना दी. रविवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के बाहर सड़क किनारे एक खेत में एक युवक का शव देखा. वहीं शव के पास में टूटी हुई बाइक और हेलमेट भी पड़ा था. शुरुआत में ग्रामीणों को लगा कि सड़क दुर्घटना का मामला है. लेकिन जब परिजन मौके पर पहुंचे तो उन्होंने हत्या की आशंका जताई.
यह भी पढ़ें: खेत की जुताई से शुरू हुआ विवाद, वकील की पीट-पीटकर हत्या, 4 के खिलाफ केस दर्ज
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले उन्हें यमुना प्राधिकरण की ओर से करीब 30 लख रुपए का मुआवजा मिला था. इसी रकम के बंटवारे को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था. पिता का आरोप है कि बड़ा बेटा हरकेश शर्मा बार-बार हिस्से की मांग को लेकर झगड़ा करता था. जबकि पिता छोटे बेटे सुखदेव को भी हिस्सा देना चाहते थे. जिससे हरकेश नाराज था.
परिजनों को आरोप है कि हरकेश शर्मा ने अपने बेटे हिमांशु और जेवर निवासी अपने ससुर अनिल शर्मा के साथ मिलकर सुखदेव की हत्या की साजिश रची. ऐसे में सुखदेव के सिर पर किसी भारी चीज से वार किया गया. जिसे उसकी मौत हो गई. इसके बाद हत्या को सड़क दुर्घटना दिखाने की कोशिश की गई और शव को सड़क किनारे एक खेत में फेंक दिया गया. साथ ही पास में बाइक हेलमेट को भी क्षतिग्रस्त हालत में छोड़ दिया गया. ताकि लोगों को यह हादसा लगे.
घटना के बाद से ही हैं तीनों फरार
घटना के बाद आरोपी हरकेश शर्मा उसका बेटा हिमांशु और ससुर अनिल शर्मा फरार बताए जा रहे हैं. पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. वहीं थाना प्रभारी का इस पूरे मामले में कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही है. मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. परिजनों की तहरीर पर तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच जारी है. जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा.
अरुण त्यागी