लखनऊ: अपर्णा से मिले CM योगी, प्रतीक यादव को दी श्रद्धांजलि

प्रतीक यादव के निधन के बाद उनके आवास पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव की मुलाकात भाजपा सांसद साक्षी महाराज से हुई. अखिलेश ने गाड़ी से उतरकर साक्षी महाराज को गले लगाया. सांसद ने इसे पुराने संबंधों का सम्मान बताया. यादव परिवार में दुख की इस घड़ी में राजनैतिक दूरियां किनारे नजर आईं.

Advertisement
प्रतीक यादव के अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी भीड़ (Photo: Screengrab) प्रतीक यादव के अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी भीड़ (Photo: Screengrab)

आशीष श्रीवास्तव

  • लखनऊ ,
  • 13 मई 2026,
  • अपडेटेड 4:52 PM IST

प्रतीक यादव के असामयिक निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख प्रकट किया है. उन्होंने लखनऊ स्थित आवास पहुंचकर प्रतीक की पत्नी और बीजेपी नेत्री अपर्णा यादव से मुलाकात की और शोक संवेदना व्यक्त की. उनके साथ वित्त मंत्री सुरेश खन्ना भी मौजूद रहे. इस दौरान अपर्णा हाथ जोड़े खड़ीं नजर आईं. मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर रहीं.

Advertisement

बता दें कि आज सुबह प्रतीक यादव का निधन हुआ था. पोस्टमार्टम के बाद उनका पार्थिव शरीर लखनऊ स्थित आवास पर लाया गया है. अखिलेश यादव, डिंपल यादव और शिवपाल यादव समेत परिवार के तमाम लोग श्रद्धांजलि देने लिए पहुंचे हैं.

अखिलेश जब प्रतीक के आवास पर पहुंचे तभी गाड़ी के पास से पैदल बीजेपी सांसद साक्षी महाराज निकल रहे थे. अखिलेश ने गाड़ी से उतरकर साक्षी महाराज को गले लगाया. साक्षी महाराज ने कहा हमारे और इनके पुराने संबंध हैं.

आपको बता दें कि समाजवादी पार्टी के संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव (38) का बुधवार तड़के निधन हो गया. लखनऊ के सिविल अस्पताल में उन्हें मृत घोषित किए जाने के बाद पूरे प्रदेश में शोक की लहर है. इस दुखद घड़ी में संवेदनशीलता दिखाते हुए भाजपा और सपा ने अपने सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं.

Advertisement

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने प्रतीक यादव की पत्नी और भाजपा नेता अपर्णा यादव के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए महिला कार्यकर्ताओं के जिला स्तरीय प्रदर्शन टाल दिए हैं. वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, सांसद डिंपल यादव और शिवपाल सिंह यादव ने भी अपने सभी राजनीतिक दौरे और कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं. हालांकि प्रतीक सक्रिय राजनीति में नहीं थे, लेकिन यादव परिवार के सदस्य के रूप में राजनीतिक गलियारों में उनके प्रति गहरा सम्मान था. फिलहाल पूरा परिवार और समर्थक इस अपूरणीय क्षति से स्तब्ध हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement