उत्तर प्रदेश की योगी सरकार दिवाली से पहले राज्य कर्मचारियों को तोहफा देने जा रही है. सीएम योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने राज्यकर्मियों को दिवाली (Diwali 2023) गिफ्ट देने का ऐलान किया है. सूबे के मुखिया ने ट्विटर (एक्स) पर इसकी जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि राज्य कर्मचारियों तथा पेंशनरों को मूल वेतन के 46% की दर से महंगाई भत्ता प्रदान किया जाएगा.
यूपी के सीएम ने दी ये जानकारी
सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा- उत्तर प्रदेश के उत्कर्ष में अपना योगदान कर रहे सभी राज्य कर्मचारियों, सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थाओं, शहरी निकायों, UGC कर्मचारियों, कार्य प्रभारित कर्मचारियों तथा पेंशनरों को मूल वेतन के 46% की दर से महंगाई भत्ता प्रदान किया जाएगा.
उन्होंने आगे यह भी कहा कि इसी प्रकार, सभी राज्य कर्मचारियों (अराजपत्रित)/कार्य प्रभारित कर्मचारियों, शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों तथा दैनिक वेतन भोगी कार्मिकों को 30 दिन की परिलब्धियों के बराबर (उच्चतम सीमा ₹7,000) बोनस प्रदान करने का निर्णय लिया गया है. आप सभी को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं.
बता दें कि पिछली बार योगी सरकार ने 15 मई को महंगाई भत्ता बढ़ाए जाने पर मुहर लगाई थी. अब एक बार फिर केंद्रीय कर्मचारियों की तर्ज पर राज्यकर्मियों को दिवाली से पहले खुशखबरी दी गई है. राजकीय कर्मचारियों को 1 जनवरी 2023 से मूल वेतन के साथ 42 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता दिया जा रहा है.
बताया जा रहा है कि प्रस्ताव के तहत 12 लाख शिक्षकों-कर्मचारियों और 7 लाख पेंशनरों का डीए बढ़ेगा. कैबिनेट की मंजूरी के बाद 1 जुलाई से बढ़ा हुआ डीए लागू होगा.
कुमार अभिषेक