दिल्ली में दो महीने पहले 22 साल के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. इस मामले में बिजनौर में जिलाधिकारी के आदेश पर युवक का शव दो महीने बाद कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. परिजनों ने युवक की मां और मौसा पर हत्या कर बिना पोस्टमार्टम शव को दफनाने का आरोप लगाया था.
यह पूरा मामला बिजनौर के हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के गांव अकबरपुर तिगरी का है. यहां रहने वाला 22 साल का सावेज अपनी मां रूबी और छोटे भाई ओवैस के साथ दिल्ली के कसकपुरा इलाके में रहता था. सावेज दिल्ली के पहाड़गंज में एक जनरल स्टोर की दुकान चलाता था. परिवार के मुताबिक, उसके घर पर मौसा का भी आना-जाना था.
22 मार्च की रात सावेज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. उस वक्त घर में उसकी मां और मौसा भी मौजूद थे. आरोप है कि मौत के बाद बिना किसी को सही जानकारी दिए सावेज के शव को दिल्ली से बिजनौर लाया गया और गांव अकबरपुर तिगरी में चुपचाप दफना दिया गया.
परिजनों का कहना है कि जब उन्होंने सावेज की मौत के कारणों के बारे में पूछताछ की तो मां और मौसा कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सके. आरोप है कि विरोध के बावजूद शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया और जल्दबाजी में दफना दिया गया. इसी बात से परिजनों का शक गहरा गया कि सावेज की मौत सामान्य नहीं, बल्कि हत्या हो सकती है.
यह भी पढ़ें: 7 महीने बाद कब्र से निकाला गया आरिश का शव... मां ने कहा- बेटे को गोली मारी गई थी, बहू पर आरोप
मृतक के चाचा इमरान और अन्य परिजनों ने मामले में जिलाधिकारी बिजनौर जसजीत कौर से शिकायत की. 13 अप्रैल को एप्लिकेशन दी गई, इसमें कहा कि सावेज की मां और मौसा ने साजिश के तहत उसकी हत्या की और फिर बिना पोस्टमार्टम शव को दफना दिया. परिजनों ने डीएम से शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी.
शिकायत के बाद जिलाधिकारी के आदेश पर शनिवार को प्रशासनिक और पुलिस टीम गांव पहुंची. इस दौरान नायब तहसीलदार ओंकार सिंह मौके पर मौजूद रहे. उनकी निगरानी में पुलिस ने कब्र खुदवाकर सावेज का शव बाहर निकलवाया. इस दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई.
शव को कब्र से निकालकर एंबुलेंस के जरिए पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. शव निकालने के दौरान दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप और नोकझोंक भी हुई. हालांकि पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया.
मृतक के चाचा इमरान का कहना है कि परिवार शुरू से ही सावेज की मौत को संदिग्ध मान रहा था. उनका आरोप है कि अगर मौत सामान्य होती तो पोस्टमार्टम कराने से परहेज नहीं किया जाता. उन्होंने निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
वहीं चांदपुर के सीओ देश दीपक ने बताया कि मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा. उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
संजीव शर्मा (बिजनौर)