उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले एक दूल्हे का सच सामने आने पर सनसनी फैल गई. दरअसल, शुक्रवार रात धूमधाम से पहुंची बारात के दौरान रस्में जारी थीं, लेकिन शनिवार सुबह नेग मांगने आए किन्नरों ने दूल्हे को पहचान लिया कि वह एक किन्नर है. यह जानकारी मिलते ही शादी समारोह में हड़कंप मच गया और तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई. लड़की पक्ष ने तुरंत शादी रोक दी और दूल्हे के परिवार से सवाल किए.
किन्नरों ने खोली पोल, मौके से भागे बाराती
शादी की रस्में अंतिम चरण में थीं और लेन-देन की प्रक्रिया चल रही थी. इसी बीच गांव में बधाई और नेग लेने पहुंचे किन्नरों की नजर दूल्हे पर पड़ी और उन्होंने उसे पहचान लिया.
जैसे ही यह बात फैली, अधिकांश बराती और दूल्हे के रिश्तेदार मौके से खिसक गए. लड़की पक्ष के लोगों ने स्थिति को बिगड़ते देख दूल्हे और उसकी मां को बंधक बना लिया और काफी देर तक हंगामा चलता रहा.
पुलिस की मौजूदगी में हुआ समझौता
सूचना मिलते ही थाना कोठी पुलिस और दारोगा कुरील मौके पर पहुंचे. पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया. घंटों चली बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया.
कोठी थाना इंचार्ज के मुताबिक, किसी भी पक्ष ने लिखित तहरीर नहीं दी है, इसलिए कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई. बिना दुल्हन के ही बरात वापस लौट गई और गांव में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है.
सैयद रेहान मुस्तफ़ा