'हाथ मरोड़ा, पैसे मांगे', मजदूर का दरोगा पर गंभीर आरोप, एक पेड़ बना विवाद की जड़

उत्तर प्रदेश के बागपत में पेड़ कटाई को लेकर विवाद बढ़ गया है. मजदूर आश मोहम्मद ने वन विभाग पर आरोप लगाया कि उसे निशाना बनाकर केस दर्ज किया गया और दरोगा ने उसका हाथ मरोड़ते हुए 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी. वहीं भारतीय किसान यूनियन ने इस मामले में धरना देकर विरोध जताया. हालांकि DFO राजेश कुमार ने रिश्वत के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कार्रवाई कानून के तहत की गई है.

Advertisement
मजदूर ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं. (Photo: Screengrab) मजदूर ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं. (Photo: Screengrab)

मनुदेव उपाध्याय

  • बागपत,
  • 23 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 10:26 PM IST

उत्तर प्रदेश के बागपत में इन दिनों एक पेड़ की कटाई को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. मामला सिर्फ एक पेड़ तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अब यह वन विभाग की कार्रवाई और उसके तौर-तरीकों पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है. आरोप लगाने वाले मजदूर आश मोहम्मद का कहना है कि एक सरकारी पेड़ की कटाई के मामले में वन विभाग ने उसके और 7 से 8 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया. लेकिन आरोप है कि बाद में कुछ सफेदपोशों के दबाव में आकर विभाग ने बाकी लोगों को छोड़ दिया, जबकि उसे निशाना बनाया गया. 

Advertisement

50 हजार रिश्वत मांगने का आरोप
मजदूर का दावा है कि उसे वन विभाग के दफ्तर बुलाया गया, जहां उसके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया गया. उसने आरोप लगाया कि वन विभाग के दरोगा ने न सिर्फ उसे टॉर्चर किया बल्कि उसका हाथ तक मरोड़ दिया गया. इतना ही नहीं, उससे 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का भी आरोप लगाया गया है.

भारतीय किसान यूनियन ने क्या कहा?
वहीं इस पूरे मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब भाकियू (भारतीय किसान यूनियन) के नेता मजदूर के समर्थन में उतर आए. भाकियू कार्यकर्ताओं ने वन विभाग के दफ्तर पर पहुंचकर धरना शुरू कर दिया और विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. धरने के दौरान हालात ऐसे बन गए कि वन विभाग के DFO राजेश कुमार को भी मौके पर बुलाकर प्रदर्शनकारियों के बीच बैठना पड़ा. भाकियू नेताओं ने खुलकर आरोप लगाया कि विभाग गरीब मजदूरों का शोषण कर रहा है और दबाव बनाकर पैसे वसूलने की कोशिश की जा रही है.

Advertisement

वहीं जब इस पूरे मामले पर DFO राजेश कुमार से सवाल किया गया, तो उन्होंने दरोगा पर लगे रिश्वत के आरोपों को खारिज कर दिया. उनका कहना है कि अभी तक जांच में ऐसे किसी आरोप की पुष्टि नहीं हुई है. साथ ही उन्होंने यह भी साफ किया कि आश मोहम्मद के खिलाफ पेड़ काटने के मामले में विधिक कार्रवाई की गई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement