बागपत में डायल-112 पर तैनात एक सिपाही का युवक को थप्पड़ मारते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं. मामला थाना दोघट क्षेत्र के टिकरी कस्बे का बताया जा रहा है, जहां किसी शिकायत पर पहुंची पुलिस टीम और स्थानीय लोगों के बीच कहासुनी के बाद सिपाही ने एक युवक को थप्पड़ जड़ दिया.
दरअसल टिकरी कस्बे में किसी विवाद की सूचना पर डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी. इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों और पुलिसकर्मियों के बीच बहस हो गई. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि बहस के दौरान एक सिपाही अचानक एक युवक को थप्पड़ मार देता है. जिससे मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.
यह भी पढ़ें: ट्रेन में सीट को लेकर बवाल! ट्रेन में महिला ने चप्पल दिखाकर दी गालियां, पत्नी को अपशब्द कहने पर युवक ने जड़े थप्पड़
पुलिस ने मामले की शुरू कराई जांच
वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ लिया और लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाने शुरू कर दिए. सोशल मीडिया पर भी यह वीडियो तेजी से शेयर किया जा रहा है. इस मामले में बागपत पुलिस का कहना है कि 14 मार्च को पुलिस टीम शिकायत पर मौके पर पहुंची थी.
इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों द्वारा पुलिसकर्मी के साथ अभद्रता की गई थी. जिसके बाद यह घटना हुई. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
मनुदेव उपाध्याय