रामपुर में आजम खान का दौर खत्म? अखिलेश ने पूर्व बसपा नेता को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्य आजम खान के गढ़ रामपुर में अब सियासी समीकरण बदलते दिख रहे हैं. जेल में बंद आजम खान को दरकिनार कर अखिलेश यादव ने पूर्व बसपा नेता सुरेंद्र सिंह सागर को प्रदेश सचिव बनाकर जिले की कमान सौंपी है, जिससे कयासों का बाजार गर्म है.

Advertisement
सुरेंद्र सिंह सागर सपा के प्रदेश सचिव नियुक्त (File Photo) सुरेंद्र सिंह सागर सपा के प्रदेश सचिव नियुक्त (File Photo)

आमिर खान

  • रामपुर ,
  • 03 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 9:16 AM IST

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रामपुर में बड़ा फेरबदल करते हुए बहुजन समाज पार्टी से आए पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री सुरेंद्र सिंह सागर को प्रदेश सचिव नियुक्त किया है. यह फैसला आजम खान की अनुपस्थिति और उनकी मर्जी के खिलाफ माना जा रहा है. रामपुर में अब तक आजम खान की सहमति के बिना कोई पत्ता नहीं हिलता था, लेकिन लोकसभा चुनाव में टिकट वितरण के बाद अब संगठन में भी उन्हें तवज्जो नहीं मिली है. सुरेंद्र सिंह सागर ने कार्यभार संभालते ही सपा को दलित हितैषी बताते हुए 2027 के लिए पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को मजबूत करने का संकल्प लिया है.

Advertisement

आजम के गढ़ में अखिलेश का नया दांव

रामपुर की राजनीति में आजम खान का कद हमेशा सबसे ऊंचा रहा है, लेकिन उनके जेल जाने के बाद स्थितियां बदल गई हैं. चर्चा है कि अखिलेश यादव ने आजम से बिना सलाह-मशविरा किए सुरेंद्र सिंह सागर को इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी है. इससे पहले लोकसभा चुनाव में भी आजम खान की पसंद के विरुद्ध मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी को टिकट दिया गया था, जिस पर आजम ने अपनी नाराजगी भी जाहिर की थी. अब संगठन में इस बदलाव को आजम युग के अंत के संकेत के रूप में देखा जा रहा है.

आजम खान पर क्या बोले नवनियुक्त सचिव?

अपनी नियुक्ति के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए सुरेंद्र सिंह सागर ने आजम खान के प्रति सम्मान जताया. उन्होंने कहा कि आजम खान पार्टी के संस्थापक सदस्य हैं और उनका कद बहुत बड़ा है. सागर के अनुसार, पूरा पीडीए समाज उनके लिए दुआ कर रहा है और उन्हें जेल से बाहर लाने के लिए कानूनी लड़ाई लड़ने की तैयारी है ताकि वे फिर से पार्टी के लिए संघर्ष कर सकें. हालांकि, उन्होंने साफ किया कि फिलहाल उनका मुख्य लक्ष्य संगठन को विस्तार देना है.

Advertisement

बसपा के सिद्धांतों पर अब सपा का कब्जा

सुरेंद्र सिंह सागर ने बसपा और सपा की तुलना करते हुए कहा कि मान्यवर कांशीराम की बसपा अब अपने सिद्धांतों पर नहीं चल पा रही है. उन्होंने दावा किया कि कांशीराम के विचारों को अब समाजवादी पार्टी आगे बढ़ा रही है, यही वजह है कि लोकसभा चुनाव में सपा प्रदेश की नंबर वन पार्टी बनकर उभरी है. उन्होंने यह भी कहा कि ब्राह्मण समाज भी भाजपा से रुष्ट है और बड़े पैमाने पर सपा के संपर्क में है, जिससे 2027 में पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी.

2027 की तैयारी और पीडीए का दम

नवनियुक्त सचिव ने भरोसा दिलाया कि वे भाईचारा बनाकर पीडीए को मजबूत करेंगे. उन्होंने कहा कि वर्तमान में संगठन के भीतर 'एसआईआर' और सर्व समाज को जोड़ने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है. सागर ने अखिलेश यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दलितों और पिछड़ों को अब सपा में ही वास्तविक लीडरशिप मिल रही है. रामपुर में हुआ यह बदलाव न केवल स्थानीय राजनीति बल्कि उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव की दिशा भी तय कर सकता है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement