UP News: अलीगढ़-कासगंज रोड पर स्थित ढोलना इलाके में एक दर्दनाक हादसे में यूकेजी की छात्रा अनन्या की मौत हो गई. स्कूल से घर लौटते समय चलती बस का फर्श (टायर के ऊपर का हिस्सा) अचानक टूट गया, जिससे अनन्या सीधे नीचे गिरकर पिछले पहिये की चपेट में आ गई.
यह हादसा बस की जर्जर स्थिति और क्षमता से अधिक बच्चे भरे होने के कारण हुआ. हादसे के समय अनन्या अपने 10 वर्षीय भाई के साथ बस में सवार थी. इस घटना के विरोध में परिजनों ने अलीगढ़-कासगंज मार्ग पर जाम लगाकर जमकर हंगामा किया. फिलहाल, इस भीषण लापरवाही पर शासन ने कड़ा रुख अपनाया है.
जर्जर बस ने ली मासूम की जान
डीएसपी संजीव कुमार के मुताबिक, बस के अंदर पहिये के ऊपर लगी टीन की चादर खुल गई थी, जिसके कारण बच्ची बस के नीचे चली गई. जांच में सामने आया कि बस फिटनेस मानकों पर खरी नहीं थी और उसमें बच्चों की संख्या भी अधिक थी. जर्जर हालत के बावजूद बस सड़क पर दौड़ रही थी. बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी. ढोलना थाने में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
आरटीओ प्रवर्तन और आरआई सस्पेंड
इस लापरवाही पर शासन ने आरटीओ प्रवर्तन वंदना सिंह को वाहनों की नियमित चेकिंग न करने और आरआई चंपालाल को जर्जर बस होने के बावजूद फिटनेस सर्टिफिकेट जारी करने के आरोप में तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है. उधर, मृतक छात्रा के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और ग्रामीण दोषियों पर सख्त सजा की मांग कर रहे हैं. प्रशासन अब जिले की अन्य स्कूल बसों की स्थिति की भी जांच कर रहा है.
aajtak.in