समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अब 29 अप्रैल को गाजीपुर नहीं जाएंगे. सपा के चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को कटरिया गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें 5 लाख रुपये की आर्थिक मदद का चेक सौंपा. अखिलेश यादव ने पहले घोषणा की थी कि यदि उनके प्रतिनिधिमंडल को रोका गया, तो वह स्वयं गाजीपुर जाएंगे.
हालांकि, डेलिगेशन की सफल मुलाकात और जिला प्रशासन द्वारा शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयासों के बाद पार्टी ने दौरा रद्द करने की पुष्टि की है. अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस मदद को पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की एकता का प्रतीक बताया है.
अखिलेश का ट्वीट और आर्थिक मदद
अखिलेश यादव ने पोस्ट कर जानकारी दी कि पीडीए समाज ने मिलकर इस कठिन घड़ी में 5 लाख रुपये एकत्र किए हैं. उन्होंने कहा कि यह मदद वर्चस्ववादियों के अत्याचार के खिलाफ एकजुट संघर्ष का संदेश है. सपा प्रमुख के अनुसार, पीड़ा ही वह धागा है जिससे पूरा पीडीए समाज जुड़ा है और वे इनके मान-सम्मान के लिए संघर्ष जारी रखेंगे. प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात के बाद अब राजनीतिक सरगर्मियां शांत होती दिख रही हैं, क्योंकि पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं को स्थिति सामान्य होने का संकेत दे दिया है.
कटरिया में भारी पुलिस बल और धारा 163
गाजीपुर के कटरिया कांड को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा. एसपी सिटी राकेश कुमार मिश्र ने बताया कि माहौल को देखते हुए जिले में बीएनएस की धारा 163 लागू कर दी गई है. सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक अफवाहों को रोकने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है. एसपी सिटी ने स्पष्ट किया कि पीड़ित परिवार से मिलने पर कोई रोक नहीं है, लेकिन किसी को भी जिले की शांति व्यवस्था भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी. कटरिया गांव में एहतियातन पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है.
अब तक 16 गिरफ्तार, अफवाह फैलाने वालों पर नजर
पुलिस के अनुसार, 19 अप्रैल को पीड़ित पिता की तहरीर पर मुख्य आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया था. हालांकि, 22 अप्रैल को कुछ अराजक तत्वों ने अफवाहों के आधार पर पत्थरबाजी कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की थी. इस हिंसा के मामले में अब तक 16 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. करंडा थाना पुलिस ने अब तक कुल 5 मुकदमे दर्ज किए हैं, जिनमें भ्रामक खबरें फैलाने वाले सोशल मीडिया हैंडल्स भी शामिल हैं. एसपी सिटी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें.
कुमार अभिषेक / विनय कुमार सिंह