उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज विदेश दौरे पर रवाना होंगे. हालांकि इससे पहले ही समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने बीजेपी के दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रेजेश पाठक को मुख्यमंत्री बनने का ऐसा ऑफर दे दिया जिसके बाद यूपी की राजनीति गरमा गई है.
'100 विधायक लाओ मुख्यमंत्री बन जाओ'
दरअसल अखिलेश यादव ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा, मैं फिर से दोनों डिप्टी सीएम को ऑफर दे रहा हूं, 100 विधायक लाओ और मुख्यमंत्री बन जाओ. इसके आगे उन्होंने कहा कि भाई जो 100 विधायक लाएगा वही तो मुख्यमंत्री होगा. हालांकि अखिलेश यादव के इस ऑफर पर अब बीजेपी ने भी पलटवार किया है.
बीजेपी ने अखिलेश पर बोला हमला
भाजपा नेता और प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका बयान राजनीतिक हताशा को दर्शाता है. शुक्ला ने कहा, 'सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव अब राजनेता कम और पोगो चैनल के कैरेक्टर ज्यादा लगते हैं, जब भी वो टीवी पर आते हैं तो लोग मुस्कुराने लगते हैं. वो गंभीर मुद्दों पर भी हंसी-ठिठोली करते हैं. जनता उन्हें गंभीरता से नहीं ले रही है.'
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव का यह बयान उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर असमंजस और निराशा को दिखाता है. उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता विकास और स्थिरता चाहती है, न कि बयानबाजी और व्यंग्य.
22 फरवरी की रात विदेश दौरे पर रवाना होंगे सीएम योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 फरवरी की रात सिंगापुर और जापान की आधिकारिक यात्रा पर रवाना होंगे. जापान प्रवास के दौरान वो 600 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली मैग्लेव ट्रेन में 100 किलोमीटर की ट्रायल यात्रा करेंगे और टोक्यो-नागोया मैग्लेव कॉरिडोर का अवलोकन भी करेंगे. इस दौरे में उनकी निवेशकों के साथ बैठकें, मंदिर दर्शन तथा प्रदेश में आधुनिक परिवहन प्रणाली और निवेश को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान रहेगा.
aajtak.in