आगरा: विदाई के बाद ससुराल नहीं, 'इंटरव्यू' देने पहुंची दुल्हन, शादी की रस्मों के बीच करियर को दी तरजीह

आगरा की यह कहानी सिर्फ एक शादी की नहीं, बल्कि बदलती सोच और सपनों को प्राथमिकता देने वाले रिश्ते की मिसाल बन गई है. यहां विदाई से पहले करियर को तवज्जो दी गई और यही इस कहानी को खास बनाता है.

Advertisement
शादी की रस्मों के बीच करियर को दी तरजीह.(Photo:ITG) शादी की रस्मों के बीच करियर को दी तरजीह.(Photo:ITG)

अरविंद शर्मा

  • आगरा,
  • 23 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 7:02 PM IST

उत्तर प्रदेश के आगरा में शादी के बाद विदाई का एक ऐसा अनोखा नजारा देखने को मिला, जिसने हर किसी को चौंका दिया. दुल्हन को ससुराल ले जाने के बजाय दूल्हा उसे सरकारी नौकरी के इंटरव्यू के लिए सीधे विकास भवन ले गया. खास बात यह रही कि दुल्हन ने शादी के जोड़े में ही इंटरव्यू दिया.

आगरा के लादूखेड़ा ब्लॉक इलाके का यह मामला चर्चा में है. यहां ब्लॉक मुख्यालय के रहने वाले मनोज कुशवाहा साइबर कैफे चलाते हैं. करीब तीन महीने पहले अनीशा कुशवाहा किसी काम से उनके साइबर कैफे पर पहुंची थीं. अनीशा पास के ही गांव की रहने वाली हैं. बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ और धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे.

Advertisement

परिवारों से बात हुई तो घरवालों ने भी रिश्ते को मंजूरी दे दी. 21 फरवरी को मनोज और अनिशा की शादी तय हुई और धूमधाम से विवाह संपन्न हुआ.

शादी के भारी जोड़े में अनीशा ने दिया नौकरी का इंटरव्यू.

इसी बीच एक दिलचस्प मोड़ आया. शादी से एक दिन पहले अनिशा को पता चला कि रविवार को विकास विभाग में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पद के लिए उसका इंटरव्यू निर्धारित है. उसने शादी से पहले ही इस भर्ती के लिए आवेदन कर रखा था.

दुल्हन बनी अनीशा ने यह बात मनोज को बताई. सवाल था कि शादी के तुरंत बाद गांव से शहर कैसे पहुंचा जाएगा? पहले तो अनीशा ने सोचा कि इंटरव्यू छोड़ दिया जाए, लेकिन मनोज ने साफ कहा, "इंटरव्यू नहीं छूटेगा, हम रास्ता निकालेंगे."

शादी की रस्में जल्द पूरी कराई गईं. मनोज ने परिजनों को पूरी बात बताई. दोनों परिवारों ने भी खुशी-खुशी सहमति दी कि दुल्हन को पहले इंटरव्यू दिलाया जाएगा.

इसके बाद विदाई की रस्म पूरी होते ही मनोज अपनी दुल्हन को लेकर ससुराल जाने के बजाय सीधे आगरा जिला मुख्यालय विकास भवन पहुंच गया. वहां अनीशा ने शादी के जोड़े में ही इंटरव्यू दिया.

Advertisement

मनोज ने बताया कि वह चाहता है कि उसकी पत्नी अपने पैरों पर खड़ी हो. उसने जो सपने देखे हैं, उन्हें पूरा करने में वह हर कदम पर उसका साथ देगा.

इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही अनीशा अपने पति के साथ ससुराल रवाना हुई.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement