आजकल सोशल मीडिया पर कई चीजें अचानक इतनी वायरल हो जाती हैं कि लोग उन्हें बिना जरूरत के भी खरीदने लगते हैं. इसे ही पैनिक बायिंग या पैनिक शॉपिंग कहा जाता है. हाल ही में लबूबू से मेलोडी टॉफी को लेकर भी ऐसा ही ट्रेंड देखने को मिला. लोग दुकानों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर इन्हें तेजी से खरीदने लगे, क्योंकि उन्हें डर था कि बाद में ये चीजें मिलेंगी नहीं. पैनिक शॉपिंग का मतलब है किसी चीज को अचानक बहुत ज्यादा मात्रा में खरीदना. यह अक्सर तब होता है जब लोगों को लगता है कि कोई प्रोडक्ट जल्दी खत्म हो जाएगा या बाद में महंगा हो सकता है.
सोशल मीडिया पर जब किसी प्रोडक्ट की वीडियो, फोटो या रील वायरल होती है, तो लोग उसे खरीदने के लिए उत्साहित हो जाते हैं. कई बार लोग सिर्फ इसलिए खरीदारी करते हैं क्योंकि बाकी लोग भी वही कर रहे होते हैं. उदाहरण के तौर पर, कभी कोई खिलौना, कभी स्नैक, तो कभी कोई फैशन आइटम अचानक ट्रेंड करने लगता है, लोग लंबी लाइन लगाते हैं और ऑनलाइन स्टॉक मिनटों में खत्म हो जाता है.
लोग पैनिक शॉपिंग ट्रेंड में क्यों शामिल होते हैं?
पैनिक शॉपिंग के पीछे कई कारण होते हैं. सबसे बड़ा कारण है छूट जाने का डर यानी फोमो(Fear of Missing Out. जब लोग देखते हैं कि कोई चीज़ तेजी से वायरल हो रही है, तो उन्हें लगता है कि अगर उन्होंने अभी नहीं खरीदा, तो बाद में मौका नहीं मिलेगा. इसके अलावा सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स और वायरल वीडियो भी लोगों को प्रभावित करते हैं. जब कोई मशहूर क्रिएटर किसी प्रोडक्ट की तारीफ करता है, तो लोग उसे ट्रेंड मान लेते हैं.
कुछ लोग सिर्फ कलेक्शन या दिखावे के लिए भी चीजें खरीदते हैं. खासकर युवाओं में यह ट्रेंड ज्यादा देखा जाता है. उन्हें लगता है कि वायरल चीज खरीदना 'कूल' है. ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर ओन्ली फ्यू लेफ्ट या लीमिटेड स्टॉक्स जैसे मैसेज भी लोगों को जल्दी खरीदारी करने के लिए प्रेरित करते हैं.
लबूबू कैसे वायरल शॉपिंग ट्रेंड का हिस्सा बना?
लबूबू एक खास तरह का डिजाइनर टॉय है, जो अपने अलग लुक और लिमिटेड एडिशन के कारण सोशल मीडिया पर बहुत वायरल हुआ. कई सेलिब्रिटीज और कंटेंट क्रिएटर्स ने इसके साथ वीडियो बनाए, जिसके बाद इसकी मांग तेजी से बढ़ गई. लोग इसे सिर्फ खिलौना नहीं बल्कि कलेक्शन आइटम मानने लगे. कुछ जगहों पर इसकी कीमत सामान्य कीमत से कई गुना ज्यादा तक पहुंच गई. जब लोगों ने देखा कि यह जल्दी आउट ऑफ स्टॉक हो रहा है, तो और ज्यादा लोग इसे खरीदने लगे. यही पैनिक बायिंग ट्रेंड का सबसे बड़ा उदाहरण बना.
क्यों चर्चा पैनिक बायिंग
मेलोडी टॉफी सोशल मीडिया मीम्स और वायरल वीडियो की वजह से चर्चा में आया. लोगों ने इसके स्वाद और पुराने समय की यादों से जुड़ी बातें शेयर करनी शुरू कीं. इसके बाद कई जगह दुकानों पर इसकी मांग अचानक बढ़ गई. कुछ लोगों ने मजाक और ट्रेंड के तौर पर बड़ी मात्रा में टॉफियां खरीदनी शुरू कर दीं, जिससे यह पैनिक बायिंग चर्चाओं का हिस्सा बन गया.
आज के समय में सोशल मीडिया पैनिक शॉपिंग का सबसे बड़ा कारण बन चुका है. वायरल वीडियो, रील्स, मीम्स और इंफ्लुएंसर्स लोगों के खरीदारी के फैसलों को तेजी से प्रभावित करते हैं. जब कोई प्रोडक्ट लगातार लोगों की फीड में दिखाई देता है, तो उसकी डिमांड अचानक बढ़ जाती है. कई बार लोग जरूरत से ज्यादा सामान सिर्फ ट्रेंड फॉलो करने के लिए खरीद लेते हैं.
aajtak.in