आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सेक्टर की तेज रफ्तार ग्रोथ ने सिर्फ जॉब का बाजार नहीं बदला है, बल्कि युवाओं की सोच,खासतौर पर पैसे और रिश्तों को लेकर भी बदल दी है. इसी बदलती सोच की मिसाल हैं गुजरि सिंह, जो OpenAi में काम करती हैं और शादी से पहले एक साफ शर्त रखती हैं-प्रेनप्चुअल एग्रीमेंट (प्रेनप) साइन करना जरूरी होगा.
रिपोर्ट के मुताबिक, 31 साल की गुजरि सिंह OpenAi की सेल्स टीम में कार्यरत हैं. उनकी सालाना सैलरी 2 लाख से 3 लाख अमेरिकी डॉलर के बीच बताई गई है, जो इंडियन करेंसी में 2 करोड़ रुपये से अधिक बैठती है. सिर्फ सैलरी ही नहीं, उनके पास कंपनी की इक्विटी भी है, जिससे भविष्य में उनकी कुल संपत्ति और तेजी से बढ़ सकती है.
द न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए इंटरव्यू में सिंह ने साफ कहा कि प्रेनप्चुअल एग्रीमेंट उनके लिए 'नॉन-नेगोशिएबल' है. उनका मानना है कि उनकी मौजूदा आय उनके करियर का शिखर नहीं है, बल्कि वे अभी अपने आर्थिक सफर की शुरुआत में हैं. ऐसे में वे अपने वर्तमान और भविष्य के एसेट्स की सुरक्षा को बेहद जरूरी मानती हैं. उनके अनुसार, यह फैसला अविश्वास से नहीं, बल्कि दूरदर्शिता से जुड़ा है.
प्रेनप्चुअल एग्रीमेंट क्या होता है?
प्रेनप्चुअल एग्रीमेंट एक कानूनी समझौता होता है, जिसे शादी से पहले होने वाले पति-पत्नी आपसी सहमति से साइन करते हैं. इसमें तय किया जाता है कि भविष्य में तलाक, अलगाव या मृत्यु की स्थिति में संपत्ति, निवेश, कर्ज और कमाई का बंटवारा कैसे होगा.
रिश्तों में पैसों को लेकर बदली सोच
सिंह ने इस मुद्दे को महिलाओं की वित्तीय आजादी से भी जोड़ा. उनका कहना है कि ऐतिहासिक रूप से महिलाओं को आर्थिक स्वतंत्रता पाने में कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा है. इसलिए अपने पैसों पर नियंत्रण खोना उन्हें असहज लगता है. उनके मुताबिक, प्रेनप साइन करना रिश्ते में भरोसे की कमी नहीं, बल्कि अपने परिश्रम से कमाई गई संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना है.
रिपोर्ट के अनुसार, सिंह फिलहाल सिंगल हैं. उन्होंने यह भी शेयर किया कि OpenAI जॉइन करने के बाद उनके एक पूर्व साथी का रुख प्रेनप को लेकर ज्यादा पॉजिटिव हो गया था. उनकी बढ़ती आय और इक्विटी हिस्सेदारी ने रिश्ते में वित्तीय बातचीत का स्वरूप बदल दिया.
वहीं 26 साल के आकाश सामंत का मानना है कि रिश्ते में अधिकतर खर्च उन्हें उठाना चाहिए. एरिजोना में पले-बढ़े आकाश को बचपन से सिखाया गया कि दूसरों के लिए ‘प्रोवाइड’ करना गर्व की बात है.
उन्होंने ए.आई. स्टार्टअप Coverflow की सह-स्थापना की, जिसने पिछले साल 4.8 मिलियन डॉलर की फंडिंग जुटाई. आकाश की बेस सैलरी 1.2 से 1.6 लाख डॉलर के बीच है और उनके पास कंपनी में बड़ी इक्विटी हिस्सेदारी भी है.
उनकी गर्लफ्रेंड वैलेरिया बारोजास एरिजोना में पढ़ाई कर रही हैं. जब दोनों मिलते हैं, तो फ्लाइट टिकट आकाश भरते हैं. पेरिस ट्रिप के दौरान होटल और डिनर का खर्च भी उन्होंने उठाया. हालांकि साथ रहने की योजना में दोनों ने तय किया है कि घर का खर्च आय के अनुपात में बांटा जाएगा.
सर्वे में भी दिखा बदलाव
वर्कप्लेस फोरम Blind के सर्वे के अनुसार 25 फीसदी लोगों ने कहा कि ए.आई. बूम के कारण उन्होंने पार्टनर के साथ खर्च बांटने का तरीका बदला है. वहीं 9% ने माना कि इस उछाल ने उन्हें प्रेनप या वित्तीय सुरक्षा के बारे में अलग तरह से सोचने पर मजबूर किया.
AI सेक्टर की चमक के बीच यह कहानी बताती है कि नई पीढ़ी के प्रोफेशनल्स के लिए प्यार के साथ आर्थिक स्पष्टता और सुरक्षा भी उतनी ही अहम हो चुकी है.
aajtak.in