मिडिल ईस्ट में ईरान को लेकर बढ़ते सैन्य तनाव के बीच एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. यह फोटो इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की फोन कॉल के दौरान की बताई जा रही है.
पहली नजर में यह एक सामान्य आधिकारिक फोटो लगती है, लेकिन लोगों का ध्यान नेतन्याहू की मेज पर रखी एक किताब ने खींच लिया. फोटो में टिम बौवेरी की किताब 'Allies at War: How the Struggles Between the Allied Powers Shaped the War and the World' साफ दिखाई दे रही है. इसके बाद सोशल मीडिया और विश्लेषकों के बीच इस किताब को लेकर चर्चा शुरू हो गई.
28 फरवरी की है तस्वीर
यह तस्वीर 28 फरवरी 2026 को जारी की गई थी. उस समय अमेरिका और इजरायल ईरान पर संयुक्त हमलों के शुरुआती चरण में समन्वय कर रहे थे.फोटो में नेतन्याहू फोन पर ट्रंप से बातचीत करते नजर आते हैं. उनकी मेज पर एक बड़ा रीजनल मैप फैला हुआ है और उसके पास ही यह किताब रखी हुई दिखती है.इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय और टाइम्स ऑफ इजरायल ने इस तस्वीर को जारी किया था.
आखिर क्यों चर्चा में आई यह किताब
टिम बौवेरी की यह किताब जून 2025 में प्रकाशित हुई थी. इसमें द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान मित्र राष्ट्रों ब्रिटेन, अमेरिका और सोवियत संघ के बीच राजनीतिक संबंधों और अंदरूनी मतभेदों का विस्तृत वर्णन किया गया है.किताब में बताया गया है कि कैसे विंस्टन चर्चिल, फ्रैंकलिन डी. रूजवेल्ट और जोसेफ स्टालिन के बीच अविश्वास, प्रतिस्पर्धा और अलग-अलग रणनीतियों के बावजूद अंत में एक साझा दुश्मन के खिलाफ गठबंधन बना रहा.
क्या यह एक 'संकेत' था?
कुछ विश्लेषकों का मानना है कि नेतन्याहू की मेज पर इस किताब का होना महज संयोग नहीं हो सकता. उनका कहना है कि यह एक प्रतीकात्मक संदेश हो सकता है.द्वितीय विश्व युद्ध में भी कई मतभेदों के बावजूद सहयोगी देश एकजुट होकर हिटलर के खिलाफ खड़े हुए थे. इसी तरह आज अमेरिका और इजरायल ईरान के खिलाफ एक साझा रणनीति के तहत साथ दिखाई दे रहे हैं.
सोशल मीडिया पर भी चर्चा
तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों ने इस पर चर्चा शुरू कर दी. कुछ यूजर्स ने इसे 'सबटल मैसेज' बताया. उनका कहना है कि किताब का शीर्षक 'Allies at War' मौजूदा हालात से मेल खाता हुआ दिखता है.कुछ लोगों का मानना है कि यह तस्वीर दिखाती है कि अमेरिका और इजरायल का गठबंधन मजबूत है, चाहे हालात कितने भी जटिल क्यों न हों.
युद्ध के बीच आई तस्वीर
यह फोटो ऐसे समय सामने आई है जब ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है. हाल के दिनों में संयुक्त सैन्य हमलों और जवाबी कार्रवाई की खबरों ने पूरे मिडिल ईस्ट को तनावपूर्ण बना दिया है.
ऐसे माहौल में यह तस्वीर और उसमें दिख रही किताब अब सिर्फ एक फोटो नहीं रह गई है. कई लोग इसे इतिहास और वर्तमान राजनीति के बीच एक प्रतीकात्मक कड़ी के रूप में देख रहे हैं.
aajtak.in