इजरायल के प्रधानमंत्री Benjamin Netanyahu को लेकर इन दिनों सोशल मीडिया पर अफवाहों का बाजार गर्म है. कई ईरानी समर्थक सोशल मीडिया हैंडल यह दावा कर रहे हैं कि उनकी मौत हो चुकी है. हालांकि इसी बीच नेतन्याहू ने एक वीडियो जारी कर अपने जिंदा होने का संदेश देने की कोशिश की,लेकिन दिलचस्प बात यह रही कि जैसे ही यह वीडियो सामने आया, वैसे ही इस पर भी सवाल उठने लगे और अफवाहों का दौर फिर तेज हो गया.
पहले जानिए क्या है पूरा मामला
नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह कॉफी पीते हुए नजर आते हैं. वायरल वीडियो में वह एक कैफे में खड़े होकर कॉफी पीते हुए दिखाई देते हैं.
कैमरे के पीछे खड़ा व्यक्ति उनसे पूछता है कि मीडिया में उनकी मौत की खबरें चल रही हैं. इस पर नेतन्याहू मुस्कराते हुए मजाकिया अंदाज में कहते हैं कि लोग कह रहे हैं कि बीबी (नेतन्याहू का निकनेम) मर गया है. क्या आप भी यही पूछ रहे हैं?
इस वीडियो के सामने आने के बाद जहां एक तरफ उनके जिंदा होने की चर्चा शुरू हुई, वहीं दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने दावा करना शुरू कर दिया कि यह वीडियो असली नहीं बल्कि एआई से बनाया गया डीपफेक हो सकता है.
देखें वीडियो
ग्रोक के स्क्रीनशॉट हुए वायरल
बहस तब और तेज हो गई जब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मौजूद एआई चैटबॉट Grok से एक यूजर ने इस वीडियो की प्रमाणिकता के बारे में पूछा.
ग्रोक ने अपने जवाब में दावा किया कि यह नेतन्याहू का डीपफेक वीडियो हो सकता है. चैटबॉट के मुताबिक वीडियो में वह एक कॉफी शॉप में बैठे हुए ईरान और लेबनान से जुड़े सैन्य ऑपरेशन की बात करते हुए दिखाई देते हैं, जबकि ऐसा कोई सार्वजनिक कार्यक्रम या घटना कहीं दर्ज नहीं है.
ग्रोक के इस जवाब का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिससे वीडियो की असलियत को लेकर और भ्रम पैदा हो गया.
जिस कैफे में दिखे नेतन्याहू, उसने शेयर की तस्वीरें
इसी बीच जिस कैफे में नेतन्याहू के कॉफी पीने की बात कही जा रही है, उसने भी सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा की हैं. यरुशलम की पहाड़ियों में स्थित The Sataf कैफे ने इंस्टाग्राम पर नेतन्याहू की तस्वीरें पोस्ट कीं.
कैफे ने तस्वीरों के साथ लिखा कि उन्हें प्रधानमंत्री और उनके दफ्तर की मेजबानी करके खुशी हुई. पोस्ट में कहा गया कि आज सतफ में प्रधानमंत्री और उनकी टीम की मेजबानी करके हमें बहुत खुशी हुई. अब लोगों को पता चल गया होगा कि किस बेकरी में आना चाहिए..
देखें The Sataf कैफे के इंस्टाग्राम पेज पर शेयर की गई पोस्ट
हालांकि The Sataf कॉफी रेस्टोरेंट के इंस्टाग्राम पेज ने इस पर दिन में एक पोस्ट शेयर की थी.
बता दें, इससे पहले भी एक वीडियो को लेकर ऐसी ही अफवाह फैल चुकी है. उस वीडियो में दावा किया गया था कि हाल ही में जारी क्लिप में नेतन्याहू के हाथ में छह उंगलियां दिखाई दे रही हैं. सोशल मीडिया पर इसे एआई-जनरेटेड वीडियो का क्लिच बताते हुए कहा गया कि यह डीपफेक हो सकता है.
किस कैफे ने नेतन्याहू की तस्वीर शेयर की
जिस कैफे नेतन्याहू की तस्वीर शेयर की उसका नाम है The Sataf. यह कैफे यरुशलम की खूबसूरत पहाड़ियों के बीच स्थित है. ये कैफे स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों के बीच भी काफी लोकप्रिय माना जाता है.
कैफे के इंस्टाग्राम पेज के मुताबिक यहां फ्रेंच बेकिंग तकनीक और यरुशलम के प्राकृतिक माहौल का अनोखा मेल देखने को मिलता है.यहां रोज सुबह ताजी ब्रेड, क्रोइसां, पेस्ट्री और अलग-अलग तरह की कॉफी तैयार की जाती है.
सटाफ के इंस्टा पेज के मुताबिक, यह कैफे सुबह सात बजे से खुल जाता है और यहां बैठकर लोग पहाड़ियों के बीच शानदार नजारों के साथ कॉफी का आनंद लेते हैं.
aajtak.in