अयोध्या में रविवार को एक ऐसा पल देखने को मिला, जिसने आस्था की एक अलग ही तस्वीर पेश कर दी. जर्मनी से आया एक छोटा बच्चा-अंजनेय जब राम मंदिर पहुंचा, तो उसकी भक्ति ने वहां मौजूद हर शख्स का ध्यान खींच लिया. अब उसी पल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
सफेद कपड़ों पहने, माथे पर कुमकुम लगाए इस बच्चे का अंदाज बेहद सादा था. सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात यह रही कि अंजनेय संस्कृतनिष्ठ लहजे में 'राम-राम' का जाप कर रहा था. उसके साफ उच्चारण और भाव से भरे स्वर को सुनकर लोग हैरान भी हुए और प्रभावित भी. विदेशी होने के बावजूद उसकी भक्ति में कहीं कोई झिझक नहीं दिखी.
ANI से बातचीत में अंजनेय ने अपने अनुभव को 'बहुत अच्छा' बताया. उसने हंसते हुए कहा कि भारत में गर्मी जरूर है, लेकिन वह इसे झेल सकता है. मंदिर को लेकर उसने कहा कि यह बहुत सुंदर है और भगवान राम के दर्शन करना मेरे लिए शानदार अनुभव रहा.
देखें वीडियो
सोशल मीडिया पर छाया वीडियो
ये वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर छा गया. लाखों लोग इसे देख चुके हैं और कमेंट्स की भरमार है. किसी ने लिखा कि यह तो बिल्कुल भारतीय की तरह बोल रहा है, तो किसी ने उसकी भक्ति को देखकर कहा कि इतनी छोटी उम्र में इतना समर्पण सच में खास है.22 जनवरी 2024 को राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद से यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ी है.
2025 तक करोड़ों लोग राम मंदिर में दर्शन कर चुके हैं. खास बात यह है कि अब विदेशों से आने वाले पर्यटकों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है. अमेरिका, जर्मनी और दक्षिण-पूर्व एशिया से लोग अयोध्या पहुंच रहे हैं.कुछ आस्था के कारण, तो कुछ भारतीय संस्कृति को करीब से जानने की इच्छा लेकर है.
aajtak.in