नीदरलैंड्स में एक कपल की शादी इन दिनों चर्चा में है. उन्होंने अपनी शादी को बिल्कुल अलग अंदाज में मनाया. 42 साल की लारा पीटर्स और 44 साल के मैथिज डॉरड्रेग्टर ने शादी इतनी सादगी की. किसी होटल या बड़े बैंक्वेट हॉल के बजाय देश के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशन पर शादी करने का फैसला किया. यहां उन्होंने अपने मेहमानों के साथ-साथ सैकड़ों यात्रियों के बीच एक-दूसरे को जीवनसाथी बनाया.
इस फैसले के पीछे उनकी सोच साफ थी.वे चाहते थे कि उनकी शादी सिर्फ एक निजी कार्यक्रम न रहकर लोगों तक एक बड़ा संदेश पहुंचाए. रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थान को चुनकर उन्होंने अपनी शादी को आम लोगों से जोड़ दिया. वहां मौजूद यात्री अचानक इस शादी के गवाह बन गए.
कैसे हुई शादी
हालांकि जगह अलग थी, लेकिन शादी पूरी तरह से व्यवस्थित रही. स्टेशन के अंदर फूलों से सजा एक छोटा सा मंडप बनाया गया. इस दौरान यात्रियों की आवाजाही भी जारी रही.समारोह को इस तरह प्लान किया गया था कि किसी को परेशानी न हो.
इस शादी की सबसे खास बात थी ड्रेस का सेलेक्शन. दूल्हा-दुल्हन ने नए कपड़े खरीदने के बजाय सेकेंड-हैंड कपड़े पहने.दुल्हन की ड्रेस भी कुछ दिन पहले ही ली गई थी. मेहमानों को भी कहा गया कि वे नए कपड़े खरीदने की बजाय पुराने या दोबारा इस्तेमाल किए गए कपड़े पहनें.
देखें वीडियो
दरअसल, हर साल शादियों में बड़ी संख्या में ऐसे कपड़े खरीदे जाते हैं, जो बाद में शायद ही दोबारा पहने जाते हैं. इससे काफी वेस्ट पैदा होता है। इस कपल ने उसी सोच को बदलने की कोशिश की। उन्होंने दिखाया कि बिना ज्यादा खर्च और बिना फिजूलखर्ची के भी शादी यादगार हो सकती है.
स्टेशन पर हो रही इस शादी को देखकर लोग हैरान भी हुए और खुश भी. कई लोग रुककर देखने लगे, तो कुछ ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया. यह अनोखा नजारा लोगों को पसंद आया और साथ ही एक जरूरी मैसेज भी दे गया. इस कपल ने अपनी शादी को सार्वजनिक बनाकर यह दिखा दिया कि अगर इरादा मजबूत हो, तो छोटी सी पहल भी बड़े बदलाव की शुरुआत बन सकती है.
aajtak.in