तेज रोशनी, खुले दरवाजे और बिछड़े अपनों का दिखना, मौत से पहले आते हैं ऐसे सपने

एक नई रिसर्च में सामने आया है कि मरने से पहले लोगों को अक्सर अपने प्रियजनों, तेज रोशनी और किसी नई यात्रा से जुड़े सपने आते हैं. ये सपने व्यक्ति की भावनाओं, डर और मृत्यु को स्वीकार करने की प्रक्रिया को दर्शाते हैं.

Advertisement
रिसर्च में पाया गया कि जीवन के आखिरी समय में लोगों के सपनों में कुछ आम चीजें बार-बार दिखाई देते हैं. ( Photo: AI Generated) रिसर्च में पाया गया कि जीवन के आखिरी समय में लोगों के सपनों में कुछ आम चीजें बार-बार दिखाई देते हैं. ( Photo: AI Generated)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 19 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 11:18 AM IST

मौत से ठीक पहले इंसान क्या महसूस करता है और उसे किस तरह के सपने आते हैं- यह सवाल हमेशा से लोगों के मन में रहा है. अब एक नए रिसर्च ने इस रहस्य पर थोड़ा पर्दा उठाया है. स्टडी के अनुसार, जीवन के अंतिम समय में लोगों को अक्सर ऐसे सपने आते हैं जो उनके परिजनों, रोशनी या किसी नई यात्रा की ओर इशारा करते हैं. ये सपने सिर्फ कल्पना नहीं होते, बल्कि व्यक्ति की भावनाओं, डर और मानसिक स्थिति को गहराई से दिखाते हैं.

Advertisement

यह स्टडी इटली के स्थानीय स्वास्थ्य प्राधिकरण – रेजियो एमिलिया का IRCCS के शोधकर्ताओं ने किया. उन्होंने 239 लोगों से बात की, जिनमें डॉक्टर, नर्स, मनोवैज्ञानिक और हॉस्पिस (अंतिम समय के मरीजों की देखभाल करने वाले) शामिल थे. इन लोगों ने बताया कि मरने के करीब पहुंचे मरीज अक्सर कुछ खास तरह के सपने और दृश्य देखते हैं.  इन्हें एंड ऑफ लाइफ ड्रीम्स एंड विजन कहा जाता है.

सपने क्या होते हैं?
सपने हमारे दिमाग द्वारा नींद के दौरान बनाए गए सीन, भावनाएं और विचार होते हैं. हर इंसान रोज सपने देखता है, भले ही उसे याद न रहें. सपने हमें हमारी भावनाओं को समझने, यादों को संभालने और तनाव कम करने में मदद करते हैं.

मरने से पहले किस तरह के सपने आते हैं?
रिसर्च में पाया गया कि जीवन के आखिरी समय में लोगों के सपनों में कुछ आम चीजें बार-बार दिखाई देते हैं.

Advertisement

1. बिछड़े हुए लोगों से मुलाकात
कई मरीजों ने बताया कि उन्हें अपने मर चुके रिश्तेदार या प्रियजन सपने में दिखाई देते हैं. ये सपने अक्सर सुकून देने वाले होते हैं. जैसे एक मरीज ने सपना देखा कि उसका पति उसे कह रहा है- मैं तुम्हारा इंतजार कर रहा हूं. इससे उसे शांति महसूस हुई.

2. रोशनी, दरवाजे और सीढ़ियां
कुछ लोगों ने बताया कि उन्होंने सपने में तेज रोशनी, खुले दरवाजे या सीढ़ियां देखीं. एक महिला ने बताया कि वह सपने में रोशनी से भरे दरवाजे की ओर जा रही थी.

3. शांत और सुंदर दृश्य
कुछ सपने बहुत शांत और अच्छे होते हैं, जैसे समुद्र किनारे दौड़ता सफेद घोड़ा या खूबसूरत प्राकृतिक दृश्य. ऐसे सपने व्यक्ति को सुकून देते हैं.

4. डरावने सपने भी आते हैं
हर सपना अच्छा नहीं होता . कुछ मरीजों ने डरावने दृश्य भी देखे. जैसे किसी ने बताया कि उसने एक राक्षस देखा जो उसे खींच रहा था. ऐसे सपने अक्सर डर, चिंता या अधूरी भावनाओं को दिखाते हैं.

ऐसा क्यों होता है?
वैज्ञानिकों का मानना है कि जब कोई व्यक्ति गंभीर बीमारी से गुजर रहा होता है, तो उसे ज्यादा तनाव, डर और भावनात्मक दबाव होता है. इससे सपने ज्यादा स्पष्ट और याद रहने वाले हो सकते हैं. ये सपने कई बार मन को राहत देने का काम करते हैं. खासकर जब कोई अपने प्रियजन को देखता है, तो उसे लगता है कि वह अकेला नहीं है और उसे मानसिक शांति मिलती है.

Advertisement

क्या ये सपने कुछ संकेत देते हैं?
विशेषज्ञों के अनुसार, अच्छे और शांत सपने यह दिखाते हैं कि व्यक्ति धीरे-धीरे मौत को स्वीकार कर रहा है. डरावने सपने यह दिखा सकते हैं कि व्यक्ति के मन में डर या कोई अधूरी इच्छा है.

लोग इन सपनों के बारे में क्यों नहीं बताते?
शोध में यह भी सामने आया कि कई मरीज अपने सपनों के बारे में बताने से डरते हैं. उन्हें लगता है कि लोग उनका मजाक उड़ाएंगे या उन्हें गलत समझेंगे. इसी वजह से डॉक्टर और परिवार वाले इन अनुभवों को ठीक से समझ नहीं पाते.

क्या इस पर और रिसर्च की जरूरत है?
हां, वैज्ञानिकों का कहना है कि अभी इस विषय को पूरी तरह समझा नहीं गया है. हालांकि, यह पहला ऐसा बड़ा अध्ययन है जिसमें खास तौर पर मरने के करीब पहुंचे लोगों के सपनों पर ध्यान दिया गया है. इस अध्ययन से यह पता चलता है कि मरने से पहले आने वाले सपने सिर्फ कल्पना नहीं होते, बल्कि वे व्यक्ति की भावनाओं, डर और शांति से जुड़े होते हैं. ये सपने किसी के लिए सुकून देने वाले हो सकते हैं, तो किसी के लिए डरावने भी. इसलिए, अगर कोई व्यक्ति अपने ऐसे अनुभव साझा करता है, तो उसे गंभीरता से समझना और उसका साथ देना बहुत जरूरी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement