कई बार परिवारों में ऐसे राज छुपे होते हैं कि जिनके सामने आने से सब कुछ तहस- नहस हो जाता है. तो कई बार इन चीजों के खुलासे पर लोगों लगता है कि काश ये सच कभी सामने ही न आया होता. इसी तरह एक 19 साल के शख्स ने खुलासा किया कि कैसे एक £80 (8,427 रुपये) की डीएनए किट ने उसके परिवार में बवाल खड़ा कर दिया है. उसने बताया कि उसने हाल में मजे के लिए अपने पिता और खुद के लिए एक डीएनए किट खरीदी. लेकिन उसे बिलकुल अंदाजा नहीं था कि इससे उसकी दुनिया उलट- पुलट हो जाएगी.
मालूम हुआ मां का कड़वा सच
दरअसल, शख्स को इस किट के जरिए अपनी ही मां का कड़वा सच मालूम हुआ. रेडिट पर, उसने लिखा 'हमें कुछ दिन पहले हमारे डीएनए रिजल्ट मिले और मैं अपने मैचों की जांच करने के लिए डीएनए रिलेटिव सेक्शन में गया.
उसने कहा 'सबसे पहले इसमें मुझे मेरे पिता को मेरे साथ केवल 29.2% डीएनए शेयर वाला बताया गया और उनके सौतेले भाई होने की भविष्यवाणी की गई है, जो असंभव है. इससे मुझे कोई मतलब नहीं था क्योंकि हमने एक पैटरनल हापलोग्रुप भी साझा किया था और हम बस ऐसे ही एक जैसे दिखते हैं इसलिए वह निश्चित रूप से मेरे पिता थे.' बाद में उसको पता चला कि वह अपने चचेरी बहन के साथ 24.6% डीएनए साझा करता है, यह भी भविष्यवाणी करता है कि वह उसकी सौतेली बहन होगी, क्योंकि चचेरे भाई-बहनों में आमतौर पर लगभग 12% ही एक सा डीएनए होता है.
'मेरे चाचा डेविड मेरे पिता हैं?'
उन्होंने आगे कहा- मैं किसी जेनेटिक रिलेशनशिप के बारे में नहीं सोच सकता था जो यह समझा सके कि क्या सही है. लेकिन सारे बिंदू जोड़ने पर समझ आ रहा था कि मेरे चाचा डेविड मेरे पिता हैं. मैं सीधे अपनी मां के पास गया और मैंने उनसे जवाब मांगा कि क्या आपने अंकल डेविड के साथ मिलकर अपने पति को धोखा दिया था?
उसने कहा- मेरी बात से मां के चेहरे का रंग उड़ गया. वह स्तब्ध दिखी और फिर बुदबुदाई 'यह कैसा सवाल है? बिल्कुल नहीं'. इसके बाद मैंने उन्हें डीएनए टेस्ट के बारे में सब बताया तो वह फूटकर रो पड़ी. मेरी मां रोते हुए जमीन पर गिर पड़ी और मुझसे रिक्वेस्ट करने लगी कि मैं पिताजी को कुछ न बताऊं. उसने आगे बताया कि मां के सच कबूलने के बाद मैंने अपनी चचेरी बहन (सौतेली बहन) को फोन करके सब कुछ बता दिया.
'काश कि मैंने डीएनए किट खरीदा ही नहीं होता'
उसने कहा, 'चचेरी बहन ने मेरी बात पर चिल्लाते हुए कॉल काट दी. मेरे पिता घर आए और अचानक मेरे कमरे में आकर पूछने लगे कि मां को क्या हुआ है? मैंने उन्हें भी सब कुछ बताया. उन्होंने कुछ नहीं कहा. वह कमरे से बाहर चले गए और मैंने दरवाज़ा बंद कर लिया. बाहर मेरे माता-पिता के बीच तीखी बहस शुरू हो गई और मेरे दादा-दादी यह देखने के लिए दौड़े कि क्या हो रहा है. उसने कहा- मैं जानता हूं कि मेरी गलती नहीं है लेकिन ये सब मेरी ही वजह से हो रहा था. काश कि मैंने डीएनए किट खरीदा ही नहीं होता.
aajtak.in