फैशन की दुनिया हर दिन कुछ नया दिखाती है, लेकिन इस बार जो सामने आया है, उसने लोगों को हैरान भी किया और हंसने पर भी मजबूर कर दिया. स्विस-फ्रेंच लग्ज़री ब्रांड Vetements ने एक ऐसी शर्ट लॉन्च की है, जिसे देखकर किसी को भी लगेगा कि यह गलती से इस्त्री में जल गई है. मगर आश्चर्य यह है कि यही ‘जला हुआ निशान’ इस शर्ट की सबसे खास बात है.
ब्रांड ने इसे White Ironing Burn Graphic Shirt नाम से लिस्ट किया है. यह शर्ट ओवरसाइज़ स्टाइल में बनाई गई है और इसके छाती वाले हिस्से पर एक प्रिंटेड ग्राफिक है, जो बिल्कुल वैसा दिखता है जैसे कपड़ा इस्त्री में ज्यादा देर तक दबा रह जाने पर जल जाता है. देखने में यह बिल्कुल आम गलती जैसा लगता है, लेकिन ब्रांड ने इसे हाई-फैशन स्टेटमेंट पीस बताया है.
हालांकि, असली चर्चा इसकी कीमत को लेकर हो रही है. इस ‘जली हुई शर्ट’ को 1,139 डॉलर, यानी लगभग 1 लाख रुपये में बेचा जा रहा है. कीमत सामने आते ही सोशल मीडिया पर बाढ़ की तरह रिएक्शन आने लगे. कई यूजर्स ने मजाक उड़ाते हुए कहा कि उनके घर में ऐसी डिजाइन उनकी मां या पत्नी ने अनजाने में कई बार बना दी है वह भी बिल्कुल मुफ्त में. एक यूजर ने लिखा कि लगता है मेरी धुलाई का ढेर असल में हाई-फैशन का खजाना है. वहीं किसी का कहना ये क्या मजाक है.
पहले देखिए इस शर्ट की डिजाइन
कुछ ने तंज कसते हुए कहा कि अगर जली हुई शर्ट भी फैशन है, तो शायद फैशन इंडस्ट्री के पास अब आइडिया खत्म हो रहे हैं. वहीं कुछ ने इसे ब्रांड की ‘इरॉनिक फैशन’ स्ट्रैटेजी बताया, जहां जानबूझकर इम्परफेक्शन को डिजाइन का हिस्सा बनाया जाता है.
फैशन इंडस्ट्री में डिस्टर्ड स्नीकर्स, फटी हुई जीन्स और पेंट-स्प्लैटर जैकेट्स जैसे आइटम पहले भी चर्चा में रहे हैं, लेकिन ‘जले हुए निशान’ जैसा प्रिंट कई लोगों को कॉन्सेप्ट से ज्यादा मजाक जैसा लग रहा है. आलोचकों का कहना है कि यह डिजाइन रचनात्मक होने के बजाय आकस्मिक लगता है, जबकि समर्थक इसे ‘रनवे रेबेलियन’ यानी घरेलू गलती को फैशन की बगावत में बदलने की कोशिश बताते हैं.
फिर भी, इस शर्ट ने इतना तो साबित कर ही दिया कि फैशन सिर्फ कपड़ों का रूप नहीं, बल्कि कहानी और भावनाओं का खेल भी है. और कभी-कभी वह कहानी एक साधारण घरेलू हादसे से ही शुरू हो जाती है.
aajtak.in