बेंगलुरु, जिसे हमेशा ठंडे और सुहावने मौसम के लिए जाना जाता था, अब तेज गर्मी की वजह से चर्चा में है. हाल ही में एक कंटेंट क्रिएटर गीता श्री नागराज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में उन्होंने दिखाया कि धूप इतनी तेज है कि क्रेयॉन पिघलने लगे हैं. गीता ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि उन्होंने अपने जीवन में बेंगलुरु में ऐसी गर्मी कभी महसूस नहीं की.
वीडियो पर आपको लिखा हुआ दिखेगा कि आपको यकीन नहीं होगा कि बेंगलुरु में इतनी गर्मी पड़ रही है. इसके बाद वह एक ट्रे दिखाती हैं जिसमें रखे क्रेयॉन पिघलते हुए नजर आते हैं. वह हैरान होकर कहती हैं- हे भगवान, क्रेयॉन पिघल रहे हैं. वीडियो के आखिर में उन्होंने मजाक में पूछा कि क्या इतनी गर्मी है कि वह बाहर ही अंडा पका सकती हैं. उनके इस सवाल ने लोगों का ध्यान खींच लिया और सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं आने लगीं.
सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल
कुछ लोगों ने इस वीडियो को मजेदार बताया, तो कुछ ने इसे गंभीर मुद्दे से जोड़ा. एक यूजर ने सलाह दी कि लोगों को अपने घर के सामने या छत पर पेड़ लगाने चाहिए, ताकि गर्मी को कम किया जा सके. इस पर गीता ने भी सहमति जताई. एक यूजर ने लिखा-अब तो धूप में 10-20 मिनट खड़े रहने पर ही मेरा फोन गर्म होने लगा है और मेरे बैग में रखी पानी की बोतल भी गर्म हो जाती है, और इस तरह तो मेरी हालत ही खराब हो जाती है . एक यूजर ने लिखा-बस एक महीना ही तो है. अप्रैल में हमेशा गर्मी रहती है. इंस्टाग्राम पर लोग इसे लेकर इतने परेशान क्यों हैं? काश सड़कों और सरकारी बोर्ड की जवाबदेही भी इतनी ही होती. पर मुझे पता है, मई आते ही, वही लोग देश में बढ़ती गर्मी की खबरें पोस्ट करने लगेंगे, जबकि बेंगलुरु में ठंडक रहेगी.
लोगों ने ऑमलेट बनाने वाला मांगा वीडियो
एक यूजर ने कहा फिर भी, बैंगलोर ही एकमात्र ऐसा शहर है जहाँ लोग चिलचिलाती धूप में बाहर निकलने की हिम्मत कर सकते हैं। क्या आप किसी और शहर में ऐसा सोच सकते हैं? दिल्ली? चेन्नई?? मुंबई?? इस पर गीता ने जवाब दिया कि हां, अभी भी बाहर निकलना संभव है, लेकिन गर्मी जरूर बढ़ गई है. कुछ लोगों ने पानी की बर्बादी पर भी चिंता जताई. एक यूजर ने लिखा कि आरओ पानी के इस्तेमाल में काफी पानी बर्बाद होता है और अगर इसे रोका नहीं गया तो भविष्य में पानी की कमी गंभीर समस्या बन सकती है. इसके अलावा, कई लोगों ने मजाक में गीता से ऑमलेट बनाने वाला वीडियो भी मांग लिया. इस पर उन्होंने हंसते हुए जवाब दिया कि अगर वह ऐसा करेंगी तो उनकी मेज खराब हो सकती है.
पिछले 10 सालों से बदल रहा मौसम
अगर मौसम की बात करें, तो सिर्फ बेंगलुरु ही नहीं, बल्कि पूरे कर्नाटक में इस समय तेज गर्मी पड़ रही है. विशेषज्ञों का मानना है कि पिछले 10 सालों में बेंगलुरु का मौसम काफी बदल गया है. पहले यहां की गर्मियां हल्की और सुखद होती थीं, लेकिन अब तापमान ज्यादा बढ़ने लगा है. इसका मुख्य कारण तेजी से हो रहा शहरीकरण और पेड़ों की कमी बताया जा रहा है.
वहीं, एयर क्वालिटी की बात करें तो बेंगलुरु का AQI 94 है, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है. इसका मतलब है कि हवा फिलहाल ठीक है, लेकिन जो लोग पहले से सांस की समस्या से जूझ रहे हैं, उन्हें थोड़ी परेशानी हो सकती है. कुल मिलाकर, यह वीडियो सिर्फ एक मजेदार क्लिप नहीं है, बल्कि यह हमें बदलते मौसम और पर्यावरण की ओर भी ध्यान दिलाता है. अगर समय रहते हमने पेड़-पौधों की देखभाल और पानी की बचत जैसे कदम नहीं उठाए, तो आने वाले समय में हालात और भी खराब हो सकते हैं.
aajtak.in