पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच दुबई से लौटे 20 साल के एक युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर अचानक चर्चा में आ गया है. वह कैमरे के सामने खड़े होकर वहां के हालात बता रहा था-कैसे इलाके में तनाव बढ़ा, कैसे धमाकों की आवाजें सुनाई दीं और किस तरह उन घटनाओं ने उसके मन में डर पैदा कर दिया.
लेकिन इंटरनेट की दुनिया का ध्यान उसकी बातों से ज्यादा किसी और चीज पर टिक गया. वीडियो देखने वाले कई लोगों ने युद्ध या हालात पर चर्चा करने के बजाय युवक के लुक्स और पर्सनैलिटी को ही बातचीत का मुख्य विषय बना दिया.
कमेंट सेक्शन में अलग ही चर्चा
जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, लोगों की प्रतिक्रियाएं तेजी से आने लगीं. कुछ यूजर्स उस युवक के सोशल मीडिया अकाउंट के बारे में पूछने लगे, तो किसी ने मजाक में उसका फोन नंबर मांग लिया.
कई लोगों ने यह भी लिखा कि सरकार का शुक्र है जिसने ऐसे हालात में उसे सुरक्षित भारत वापस लाया. वहीं कुछ यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में उसे 'इंडिया का नया नेशनल क्रश' तक बता दिया.
दिलचस्प बात यह रही कि कुछ ही समय में लोगों ने उसकी इंस्टाग्राम प्रोफाइल भी खोज निकाली और देखते ही देखते उसके फॉलोअर्स तेजी से बढ़ने लगे.
कौन है यह युवक
वीडियो में दिखाई देने वाले युवक का नाम अर्जुन तेवतिया बताया जा रहा है. 20 साल के अर्जुन छुट्टियां बिताने दुबई गए थे, लेकिन जिस दिन वह वहां पहुंचे, उसी समय क्षेत्र में तनाव अचानक बढ़ गया.
अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर हमले शुरू हुए, जिसके जवाब में ईरान ने आसपास के देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाना शुरू कर दिया. इन घटनाओं के बाद पूरे इलाके में बेचैनी का माहौल बन गया.
भारत वापसी की कोशिश
हालात बिगड़ते देख भारत सरकार ने वहां फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए अभियान शुरू किया. इसी दौरान अर्जुन तेवतिया भी भारत लौटे.
दिल्ली एयरपोर्ट पर न्यूज एजेंसी ANI ने उनसे बातचीत की. अर्जुन ने बताया कि 28 फरवरी को जब वह दुबई पहुंचे, उसी दिन पश्चिम एशिया में तनाव अचानक बढ़ गया था. स्थिति अनिश्चित लगने लगी तो उन्होंने तुरंत वापसी की कोशिश शुरू कर दी, लेकिन कई दिनों तक उन्हें फ्लाइट नहीं मिल पाई.
देखें वायरल वीडियो
धमाकों की आवाज से लगा डर
अर्जुन ने यह भी बताया कि शुरुआती दिनों में इलाके में तेज धमाकों की आवाजें सुनाई देती थीं, जिससे वह काफी घबरा गए थे. हालांकि जब वह दुबई से निकले, तब तक माहौल पहले की तुलना में कुछ शांत हो चुका था.इसके बावजूद उन दिनों का अनुभव उनके मन में डर की छाप छोड़ गया.
वीडियो पर आई मजेदार प्रतिक्रियाएं
जब ANI ने इस इंटरव्यू का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, तो कमेंट सेक्शन में लोगों की प्रतिक्रियाओं की भरमार लग गई.
लेकिन ज्यादातर यूजर्स की दिलचस्पी दुबई के हालात में नहीं बल्कि उस युवक की पर्सनैलिटी में दिखी. वीडियो में अर्जुन साधारण कपड़ों में नजर आते हैं और पत्रकारों के सवालों का शांत अंदाज में जवाब देते हैं.उनकी यही सहजता और आत्मविश्वास कई लोगों को पसंद आया. किसी ने उनके लुक्स की तारीफ की तो किसी ने उनके व्यवहार को कॉन्फिडेंट बताया.
कुछ यूजर्स ने मजाक में लिखा कि उन्होंने अपनी जिंदगी में किसी को इतनी बार नहीं देखा होगा जितनी बार इस वीडियो में अर्जुन का चेहरा देख लिया. एक अन्य यूजर ने उन्हें 'सबसे क्यूट भारतीय' तक बता दिया.वहीं एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि शायद अर्जुन ने इमरजेंसी फ्लाइट का टिकट अपने 'फेस कार्ड' की वजह से हासिल कर लिया होगा. इतना ही नहीं, एक कमेंट में यह भी बताया गया कि कुछ ही घंटों में उनके इंस्टाग्राम फॉलोअर्स सैकड़ों से बढ़कर हजारों में पहुंच गए.किसी ने हंसी में यह सलाह भी दे डाली कि अब उन्हें दुबई नहीं जाना चाहिए, क्योंकि देश इतना 'बड़ा नुकसान' झेलने की स्थिति में नहीं है.
aajtak.in